NEET PG Counselling protest: FORDA ने हड़ताल खत्म करने से किया इंकार, कहा- सरकार को माननी होंगीं तीन मांगें
नीट पीजी 2021 की जल्द से जल्द काउंसलिंग का आश्वासन मिलने के बाद एम्स दिल्ली आरडीए ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है।
नई दिल्ली, 28 दिसंबर। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के अध्यक्ष डॉ. मनीष ने हड़ताल खत्म करने से मना कर दिया है। तमाम रेजिडेंड डॉक्टरों के साथ हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। उन्होंने सरकार के समक्ष तीन मांगें रखी हैं और कहा है कि जब तक ये तीन मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हड़ताल खत्म नहीं होगी।
ये हैं तीन मांगें
. सरकार को हमें काउंसलिंग की एक निश्चित तारीख बतानी होगी कि सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन मामले पर 6 तारीख को फैसला आने के बाद सरकार कब काउंसलिंग कराएगी।
. दूसरा- पुलिस ने हमसे जो अभद्र व्यवहार किया है उसके लिए उन्हें मांफी मांगनी होगी।
. तीसरा, सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दायर की गईं एफआईआर को वापस लेना होगा।
नीट पीजी 2021 की जल्द से जल्द काउंसलिंग का आश्वासन मिलने के बाद एम्स दिल्ली आरडीए ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। दिल्ली एम्स के रेजिडेंट निकाय ने 29 दिसंबर से हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। रेजिडेंट डॉक्टरों ने कहा कि सरकार ने हमारी मांग मान ली है। अब कल से सभी सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी।

बता दें कि नीट पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी का विरोध कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को जनहित में हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया था। विरोध करने वाले डॉक्टरों पर पुलिस की कार्रवाई के एक दिन बाद डॉक्टर मंडाविया ने आज निर्माण भवन में डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी।
यह भी पढ़ें: अब दिल्ली मेट्रो की सिटिंग कैपेसिटी में भी बदलाव, सिर्फ 50 फीसदी लोग कर सकेंगे यात्रा
बता दें कि इससे पहले आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ हुई बैठक में राम मनोहर लोहिया अस्पताल के तीन डॉक्टरों, लेडी हार्डिंग के दो, एलएनजेपी के एक, सफदरजंग अस्पताल के दो, दो जीटीबी अस्पताल, दो फोर्डा और एक फियामा के डॉक्टरों की एक 13 सदस्यीय टीम ने मंत्री से मुलाकात की। बैठक के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'हम काउंसलिंग नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और सुनवाई 6 जनवरी को होगी।' पीजी काउंसलिंग जल्द शुरू होगी।' डॉक्टरों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई कार्रवाई के लिए भी पुलिस से माफी मंगाने की मांग की।इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पीएम मोदी को पत्र लिखकर डॉक्टरों की मांग पर गौर करने का आग्रह किया था।
बता दें कि बुधवार से ही देश के कई रेजिडेंट डॉक्टर नीट पीजी की काउंसलिंग में देरी को लेकर हड़ताल पर थे और उन्होंने मांग पूरी न होने पर सभी सेवाओं को बंद करने की चेतावनी दी थी। बता दें कि नीट पीजी की परीक्षा पहले जनवरी 2021 को होनी थी, लेकिन कोरोना की पहली और दूसरी लहर के कारण परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद यह परीक्षा 12 सितंबर 2021 को हुई। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के आधार पर काउंसलिंग रोक दी गई है जिसके परिणामस्वरूप 45,000 डॉक्टरों की कमी चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications