आप सांसद संजय सिंह ने रोहिणी में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
Delhi News: मौसम का तापमान गिरने के साथ ही दिल्ली का सियासी पारा हाई हो गया है। आम आदमी पार्टी तीसरी बार सत्ता पाने की जुगत में है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी सत्ता की हसरत में हर मुमकिन रणनीति पर काम कर रही है, तो दशकों से अपनी बंजर सियासी जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए कांग्रेस भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही।
सोमवार को आम आदमी पार्टी ने कई कार्यक्रम का आयोजन किया। इस क्रम में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रोहिणी में आप प्रत्याशी प्रदीप मित्तल के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। संजय सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एक नारा दिया और कहा- फिर लायेंगे केजरीवाल, दिल्ली के कार्यकर्ता हैं तैयार।

साथ ही संजय सिंह ने नरेला से प्रत्याशी दिनेश भारद्वाज के समर्थन में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार फिर से आप की सरकार बनेगी और दिल्ली में ऐतिहासिक काम होगा। बीजेपी ने दिल्ली को क्राइम Capital बना दिया है। जनता ने केजरीवाल जी को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी की जिम्मेवारी दी थी, उन्होंने बेहतरीन काम करके दिखाया लेकिन ये बीजेपी वाले क्राइम भी नहीं कंट्रोल कर पाए।
बता दें कि आज अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में महिला अदालत का आयोजन किया था। इसके साथ ही आप सुप्रीमो ने बदरपुर विधानभा क्षेत्र में पदयात्रा की। पदयात्रा के दौरान केजरीवाल ने कहा कि पूरी दिल्ली में काम हो रहे हैं लेकिन बदरपुर में नहीं हो रहे क्योंकि यहां BJP का विधायक है। बीजेपी वाले लड़ते बहुत हैं लेकिन काम नहीं करते, अब दिल्ली में फिर से AAP सरकार आ रही है तो बदरपुर में भी AAP का विधायक ही आना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications