Amanatullah Khan: जिसके लिए दिल्ली पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन, उस AAP MLA ने खुद बताया कहां है?
AAP MLA Amanatullah Khan: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी की करारी हार हुई है तो दूसरी तरफ ओखला से एक बार फिर जीतकर विधानसभा पहुंचे आप विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस बीच आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने दिल्ली पुलिस पर झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि वो कहां हैं?
आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने बुधवार को फरार होने से इनकार किया और आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उन्हें झूठे मामले में फंसा रही है। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को ईमेल के जरिए भेजे गए पत्र में ओखला विधायक ने दावा किया कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में हैं और भाग नहीं रहे हैं। 12 फरवरी को लिखे पत्र में अमानतुल्लाह खान ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस के कुछ लोग मुझे झूठे मामले में फंसा रहे हैं।

आप विधायक ने बताया कि जिस व्यक्ति को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार करने आई थी, वह जमानत पर है। पुलिस अपनी गलती छिपाने के लिए मुझे झूठे मामले में फंसा रही है।
जानिए क्या है Amanatullah Khan पर आरोप?
मालूम हो कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जामिया नगर में पुलिस टीम पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में ओखला विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि अमानतुल्लाह खान के नेतृत्व वाली भीड़ ने हत्या के प्रयास के एक मामले में आरोपी घोषित अपराधी को हिरासत से भागने में मदद की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कथित घटना तब हुई जब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने शाबाज खान को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। इस दौरान अमानतुल्लाह खान के समर्थकों ने कथित तौर पर पुलिस टीम का सामना किया, जिससे शाबाज खान भागने में सफल हो गया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव में हार के बीच AAP MLA Amanatullah Khan ने ऐसा क्या किया? दिल्ली पुलिस कर रही तेजी से तलाश
Amanatullah Khan के ईमेल पर पुलिस का जवाब
हालांकि, पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) रवि कुमार सिंह ने इस बात से इनकार किया कि पुलिस को अमानतुल्लाह खान से कोई पत्र मिला है। उन्होंने कहा, "मुझे ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। जांच चल रही है, हम उसे (अमानतुल्लाह खान) ट्रैक करने की कोशिश कर रहे हैं। हम अभी तक उससे कोई संपर्क स्थापित नहीं कर पाए हैं।" बता दें कि अमानतुल्लाह खान हाल ही में दिल्ली विधानसभा के लिए फिर से चुने गए, उन्होंने भाजपा के मनीष चौधरी को 23,639 मतों से हराया है।












Click it and Unblock the Notifications