AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने शिवराज सिंह पर किया पलटवार, उन्हें बताया पीएम मोदी का सबसे बड़ा चापलूस
दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए मतदान 25 मई को होगा। मतदान से पहले भाजपा के दिग्गज नेता दिल्ली में चुनावी सभाएं और रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने चुनावी सभा की। जिसमें उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की।
इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। इसके एक दिन बाद आज बुधवार को आम आदमी पार्टी ने शिवराज सिंह को करारा जवाब देते हुए उन्हें पीएम मोदी का चापलूस बताया है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा शिवराज सिंह को भाजपा ने मुख्यमंत्री की कुर्सी से बहुत बेइज्जत करके उतारा था। अब शिवराज सिंह चौहान पद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चापलूसी करने में जुटे हुए है।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "शिवराज सिंह चौहान, खुद भाजपा से बहुत ही बेइज्जत करके मुख्यमंत्री की कुर्सी से उतारे गए हैं। अब वे(शिवराज सिंह चौहान) चापलूसी कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री उनकी चापलूसी से खुश होकर उन्हें कहीं पर मौका दे दें। उन्हें चापलूसी करने दीजिए।"
बता दें शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को दिल्ली में भाजपा उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी के समर्थन में दक्षिणी दिल्ली में एक चुनावी सभा की। जिसमें उन्होंने स्वयं को पीएम मोदी का दूत बताया। इसके साथ उन्होंने दावा किया कि तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनते ही मोदी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) को वापस ले लेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान के दूत से करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें भगवान ने देश में बुराई खत्म करने के लिए भेजा है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश समृद्ध हुआ है और विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।
वहीं शिवराज सिंह चौहान ने सीएम अरविंद केजरीवाल पर उन लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया, जिन्होंने उन्हें आम आदमी पार्टी बनाने में मदद की थी। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी इंडिया गठबंधन को मजबूरी का गठबंधन बताया था। उन्होंने ये भी कहा था कि इंडिया गठबंधन के लोग देश को ठीक से नहीं चला सकते। शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही देश को ठीक से चला सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications