आप ने केजरीवाल के लिए मांगा सरकारी बंगला, राघव चड्ढा ने दिया EC के नियम का हवाला
आम आदमी पार्टी ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए सरकारी आवास प्रदान करने की मांग की है।आप नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने चुनाव आयोग के नियम का हवाला देते हुए केजरीवाल के लिए आवास मांगा है। उन्होंने कहा आप राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए बिना देरी किए राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सरकारी बंगला देना चाहिए।
राघव चड्ढा ने कहा, "AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पद और Power का लालच नहीं है। उन्होंने मर्यादा और नैतिकता को प्राथमिकता देते हुए अपनी ईमानदारी की परीक्षा देने का फैसला किया और दो बार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अरविंद केजरीवाल तीन बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन आज भी उनके पास कोई संपत्ति और घर नहीं है। इसके बावजूद, वह सरकारी आवास समेत तमाम सरकारी सुविधाओं का त्याग कर रहे हैं। आप एक राष्ट्रीय पार्टी है और इसके तहत हमारी पार्टी को दिल्ली में कार्यालय मिला है। मेरी केंद्र सरकार से मांग है कि कानून के तहत हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में एक आवास मिलना चाहिए, केंद्र सरकार उन्हें रहने के लिए एक घर प्रदान कराए।"

पहले कहां रहते थे केजरीवाल?
2013 में पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने से पहले केजरीवाल गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में रहते थे। मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित बंगला आवंटित किया गया। फरवरी 2015 में दोबारा भारी बहुमत हासिल करने के बाद वे उत्तरी दिल्ली के 6 सिविल लाइंस इलाके में, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में शिफ्ट हो गए।
इस्तीफे के बाद सरकारी सुविधाएं छोड़ने का ऐलान किया
बता दें कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने उन्हें आवंटित सरकारी बंगला और सारी सरकारी सुविधाएं छोड़ने का ऐलान किया था। आप नेता संजय सिंह ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी। संजय सिंह ने कहा था कि हमने उनसे उसी आवास में रहने का आग्रह किया था लेकिन उन्होंने कहा था मेरी रक्षा ईश्वर करेंगे। संजय सिंह ने कहा था हमारे नेता को दिल्ली में रहने के लिए घर नहीं है, हमें उनकी सुरक्षा की चिंता है।












Click it and Unblock the Notifications