आतिशी पर टिप्पणी से तिलमिलाई AAP, मांगा राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से इस्तीफा
Swati Maliwal News: आतिशी के दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में ऐलान के बाद AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक बयान देकर नए विवाद को जन्म दे दिया। स्वाति मालीवाल के बयान को लेकर अब बीजेपी भी आम आदमी पार्टी पर हमलावर हैं। ऐसे में अपनी ही पार्टी के नेता से तिलमिलाई AAP ने मालीवाल से इस्तीफे की मांग कर दी।
आम आदमी पार्टी (आप) ने वरिष्ठ नेता आतिशी पर टिप्पणी के बाद सीनियर नेता दिलीप पांडे ने कहा कि आप के राज्यसभा भेजे जाने के बावजूद स्वाति मालीवाल भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ रही हैं। इसी के साथ उन्होंने उनसे इस्तीफे की मांग की है।

'अगर उनमें थोड़ी भी शर्म है, तो...'
आप नेता दिलीप पांडे ने राज्यसभा सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वाति मालीवाल आम आदमी पार्टी से राज्यसभा का टिकट लेती हैं, लेकिन प्रतिक्रिया देने की स्क्रिप्ट भाजपा से लेती हैं। अगर उनमें थोड़ी भी शर्म है, तो उन्हें राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और भाजपा के टिकट पर राज्यसभा का रास्ता चुनना चाहिए।
जानिए स्वाति मालीवाल ने क्या कहा?
आप नेता का यह बयान मालीवाल और उनकी पार्टी के बीच गहरी होती खाई को साफ उजागर करती है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आतिशी के सीएम बनाने को लेकर कहा था कि, "आज दिल्ली के लिए बेहद दुखद दिन है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जैसी महिला बनने जा रही है, जिसके अपने परिवार ने आतंकवादी अफ़ज़ल गुरु को फांसी की सजा से बचाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी।"
देश और दिल्ली की सुरक्षा से जुड़ा हुआ मुद्दा
मालीवाल ने आगे कहा कि, "उनके माता-पिता ने राष्ट्रपति को कई बार दया याचिकाएं भेजी कि अफजल गुरु निर्दोष है, उसे फांसी नहीं होनी चाहिए, वह राजनीतिक साजिश का शिकार है। यह कितना गलत है? आज आतिशी CM बनेंगी, लेकिन हम सभी जानते हैं कि वह केवल "डमी सीएम" होंगी। फिर भी यह एक बड़ा मुद्दा है, क्योंकि वह CM होंगी और यह मामला सीधे तौर पर देश और दिल्ली की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। भगवान बचाए दिल्ली को ऐसी मुख्यमंत्री से"












Click it and Unblock the Notifications