दिल्ली में कोविड प्रोटोकॉल उल्लंघन पर तुरंत हो रही कार्रवाई, दो दिन में वसूला गया 1.5 करोड़ का जुर्माना
नई दिल्ली, 25 दिसंबर: कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट का खतरा बढ़ता जा रहा है। जिस वजह से राजधानी दिल्ली में भी सख्ती बढ़ाई गई है। क्रिसमस के त्योहार और न्यू ईयर को देखते हुए दिल्ली सरकार ने तमाम पाबंदिया लागू कर रखी हैं, लेकिन बहुत से लोग लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे, जिस वजह से अब उन पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत पिछले दो दिनों में दिल्ली सरकार ने कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों से 1.5 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है।

मामले में दिल्ली सरकार ने कहा कि ओमिक्रॉन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही सार्वजनिक जगहों पर निगरानी की जा रही। जिसके तहत पिछले 2 दिनों में कोविड प्रोटोकॉल तोड़ने वालों से 1.5 करोड़ रुपये जुर्माने के तौर पर वसूल किए गए हैं। इसके अलावा 163 एफआईआर भी दर्ज की गई। बयान में आगे बताया गया कि पूर्वी दिल्ली में कोरोना प्रोटोकॉल उल्लंघन के 1245 मामले सामने आए, जबकि उत्तरी दिल्ली में इनकी संख्या 1446 है। इसके अलावा मास्क नहीं पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने और भीड़ इकट्ठा करने के 7778 मामले सामने आए हैं।
79 हुई मरीजों की संख्या
दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जहां शनिवार को 9 नए संक्रमित मिले, इसके बाद अब दिल्ली में ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या 79 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले दो दिनों में किसी भी ओमिक्रॉन मरीज की रिकवरी नहीं हुई, लेकिन अब तक 23 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
दिल्ली में ये नए नियम
दिल्ली के दुकानदारों को नो मास्क, नो एंट्री का बोर्ड लगाना होगा। साथ ही उसका पालन करना भी जरूरी है। इसके अलावा क्रिसमस और नए साल पर किसी तरह के जश्न का आयोजन नहीं होगा। वहीं अगर किसी के घर में शादी या कोई अन्य कार्यक्रम है तो वो 200 से ज्यादा भीड़ इकट्ठा नहीं कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications