बंदूकें लेकर नाचने वाले विधायक चैंपियन की बर्खास्तगी पर भाजपा आलाकमान लेगा अंतिम फैसला
देहरादून। उत्तराखंड में खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन भाजपा से बर्खास्त चल रहे हैं। अब उनपर अंतिम फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा। प्रदेश प्रभारी और प्रदेश नेतृत्व ने इसकी संस्तुति कर दी है। कुंवर प्रणव दो-तीन दिन पहले ही एक वीडियो में शराब पार्टी करते हुए दिखाई दिए थे। उनके हाथों में बंदूक और तमंचे थे। वह कई बॉलीवुड सॉन्ग्स पर थिरक रहे थे। वीडियो वायरल होने पर उत्तराखंड को अपमानित करने के आरोप में उन्हें गुरुवार को पार्टी से अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया।

साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर चैम्पियन को बर्खास्तगी का नोटिस भी दिया गया। इस नोटिस का जवाब देने के लिए उन्हें दस दिन की मोहलत मिली है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेन्द्र भसीन ने बताया कि नोटिस का जवाब देने की समय सीमा खत्म होने के बाद जवाब आता है तो भी और नहीं आता है तो भी चैम्पियन के खिलाफ गुण दोष के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उधर, प्रदेश नेतृत्व ने और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने चैम्पियन पर लगे आरोपों का हवाला देते हुए उन्हें बर्खास्त करने की संस्तुति केन्द्रीय नेतृत्व से की है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि बर्खास्तगी का फैसला केन्द्रीय नेतृत्व को लेना है। परंतु इसके इसके लिए चैम्पियन के जवाब का इंतजार किया जाएगा।
बर्खास्तगी को लेकर कनफ्यूजन
कुंवर प्रणव चैम्पियन को गुरुवार को पार्टी नेतृत्व ने अनिश्चितकाल के लिए संगठन से निलंबित किया था। इसके बाद यह सूचना फैल गई कि उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है यानी निकाल दिया गया है। इस सूचना से भाजपा संगठन के अंदर कन्फ्यूजन पैदा हो गया। क्योंकि बर्खास्तगी का नोटिस भेजने के साथ ही चैम्पियन को जवाब देने के लिए दस दिन की मोहलत दी गई है। जवाब मिलने से पहले चैम्पियन को बर्खास्त करना सामान्य न्याय प्रक्रिया की अनदेखी होगी। यही कारण है कि शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेन्द्र भसीन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि चैम्पियन फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए निलंबित हुए हैं। बर्खास्तगी की कार्यवाई के लिए उनके जवाब का इंतजार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications