उत्तराखंड- लड़की वालों के सामने झुकते लड़के वाले
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) एक जवान बेटी का बाप बेटी के रिश्ते के लिए लड़कों की तलाश में दर-दर की ठोकरें खाते हैं और बेटी के साथ-साथ लाखों का दहेज़ का जुगाड़ करना पड़ता हैं।
वहीं उत्तराखंड का जनजाति क्षेत्र जौनसार-बावर व रंवाई-जौनपुर में अभी भी लड़के वाले लड़की का हाथ मांगने बाकायदा लड़की वाले के घर जाते हैं। उनसे बाकायदा हाथ जोड़कर विनती करते हैं।
शादी का ये वीडियो देखकर खुद को रोक नहीं पाएंगे आप!
जसपाल राणा का गांव
इसके गवाह गत दिनों वरिष्ठ लेखक विजेन्द्र रावत भी बने। उन्होंने बताया कि हम देवांशी खेल एवं सांस्कृतिक मेले के आयोजन के सिलसिले में प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के गाँव नैनबाग के घर में करीब सौ लोग रुके हुए थे। तभी उनके पिता नारायण सिंह राणा की चचेरी बहन के लिए रिश्ता लेकर पड़ोस के गाँव से लड़के के पिता के साथ उस गाँव के चार अन्य सम्मानित व्यक्ति भी आये थे। उनका लड़का दिल्ली में बैंक अधिकारी है।
वर-वधू नदारद
इस आयोजन में लड़का व लड़की दोनों में से कोई भी उपस्थित नहीं था। हां बेशक दोनों ने एक दूसरे को पसंद कर लिया है। घर में सामूहिक भोजन हुआ। उसके पश्चात लड़की के पिता ने घर के मुखिया नारायण सिंह के सामने हाथ जोड़कर उन्हें चांदी का एक सिक्का भेंट किया। उन्होंने सिक्का कबूलकर रिश्ते पर मोहर लगा दी। बस अब शादी का दिन तय होगा। इसके लिए लड़के पक्ष के लोग कोई एक आभूषण लड़की को पहना देंगे और दो लोग बिना किसी दहेज़ एक दूसरे के हो जाएंगे।
64 लोगों का परिवार
रावत कहते हैं कि जहां समाज में एकल परिवारों का चलन है वहीं राणा का 64 लोगों का संयुक्त परिवार है और उसके मुखिया है नारायण सिंह राणा और सभी बेहद प्यार से रहते हैं और सबके लिए सांझे चूल्हे में भोजन बनता है। सौ दो सौ मेहमान आने पर भी घरवालों के चेहरे पर शिकन भी नहीं आती।
सम्मान स्त्री का
उत्तराखंड मामलों के जानकार और यूपी पुलिस के आला अफसर निर्मल पंत ने बताया कि उनके समाज में अब भी स्त्री का बेहद सम्मान किया जाता है। पूरे राज्य में लड़की के पिता को उस तरह से दहेज आदि के लिए परेशान नहीं होना पड़ता जैसे कि देश के बाकी समाजों में होना पड़ता है।













Click it and Unblock the Notifications