चित्रकूट में सामने आई डॉक्टर्स की लापरवाही, मंत्री के सामने ही डेड बॉडी का करते रहे इलाज
चित्रकूट, 01 मई: हैरान कर देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से सामने आई है। यहां प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह के सामने ही डॉक्टर्स एक महिला की डेड बॉडी का इलाज करते रहे। डॉक्टरों ने प्रभारी मंत्री को इस बात की भनक तक नहीं लगने दी कि महिला की मौत हो चुकी है। हालांकि, जब मंत्री को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी को जांच के आदेश दिए है।

बता दें कि 30 अप्रैल को चित्रकूट मंडल के प्रभारी मंत्री और पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह दो दिवसीय दौरे पर चित्रकूट पहुंचे थे। अपने दौरे के दौरान मंत्री जयवीर सिंह चित्रकूट जिला अस्पातल का निरीक्षण करने पहुंचे। अपने निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री को कई जगह अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किया।
आज तक की खबर के मुताबिक, सीएमओ ने इस दौरान मंत्री के हाथ से मृतक महिला की तीमारदार को फल भी वितरित करवा दिए। हालांकि, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं हुई कि महिला की मौत हो चुकी है। खबर के मुताबिक, फल वितरण के दौरान डॉक्टर्स महिला का इलाज करते रहे। हालांकि, मंत्री के सामने डेड बॉडी का इलाज करने वाले डॉक्टर्स की पोल उस समय खुल गई, जब चित्रकूट की जिला पंचायत सदस्य मीरा भारती ने डॉक्टर्स की शर्मनाक करतूत को प्रभारी मंत्री के सामने रखा और हंगामा किया।
इस बात की जानकारी मिलते ही मंत्री जयवीर सिंह दोबारा उस कक्ष में पहुंचे और डॉक्टर्स से पूछताछ करने लगे तो पूरे स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। पहले तो चित्रकूट के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश त्रिपाठी महिला की मौत से इनकार करते रहे। हालांकि, बाद में महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स की लापरवाही सामने आने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही, चित्रकूट के जिलाधिकारी को पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications