Chaitanya Baghel Profile: शराब घोटाले में गिरफ्तार हुए चैतन्य बघेल, 2100 करोड़ के स्कैम से क्या है कनेक्शन?
Who is Chaitanya Baghel: छत्तीसगढ़ की राजनीति में उथल-पुथल मचाने वाला शराब घोटाला अब और भी गंभीर मोड़ ले चुका है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी उस बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़ी है, जिसमें 2100 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध कमाई का आरोप है। चैतन्य अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन अब वह खुद ही राजनीतिक तूफान के केंद्र में आ गए हैं।
ED ने शुक्रवार सुबह भूपेश बघेल और चैतन्य बघेल के भिलाई स्थित आवास पर छापेमारी की थी जिसके बाद चैतन्य को गिरफ्तार किया गया। ED ने चैतन्य को कोर्ट ने पेश किया जिसके बाद उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। चैतन्य की पहचान केवल एक राजनीतिक परिवार के बेटे के तौर पर नहीं, बल्कि एक निजी और सादा जिंदगी जीने वाले युवा के रूप में भी रही है। आइए जानते हैं उनकी पूरी कहानी...

सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं चैतन्य
चैतन्य भले ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हों, लेकिन उन्होंने खुद को सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर रखा। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, 2018 से 2023 के बीच, जब उनके पिता राज्य के मुख्यमंत्री थे, चैतन्य को राजनीति में लाने की चर्चा भी हुई थी, लेकिन यह योजना कभी अमल में नहीं आई। बीते साल जब भूपेश बघेल को लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए चुना गया, तब माना जा रहा था कि अगर वे जीत जाते, तो चैतन्य को पाटन विधानसभा सीट से उतारा जा सकता था। लेकिन जब भूपेश बघेल चुनाव हार गए, तो यह योजना भी रुक गई।
ये भी पढ़ें: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य को ED ने किया गिरफ्तार, सुबह से छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में चल रही छापेमारी
सब्जी की खेती और रियल एस्टेट
चैतन्य बघेल का रुझान निजी कार्यों की ओर ज्यादा रहा। उन्होंने सब्जी की खेती का काम संभाला और परिवार के फार्म को खुद देखा। इसके अलावा वे पहले रियल एस्टेट कारोबार से भी जुड़े रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने MBA की डिग्री ली हुई है।
पहले भी आ चुका है विवादों में नाम
चैतन्य का नाम पहले 19 जुलाई 2024 को हुए एक कॉलेज प्रोफेसर पर हमले के मामले में सामने आया था। पुलिस ने हमले के कुछ आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें भी बुलाया था। उन्हें करीब चार घंटे तक पूछताछ के लिए भिलाई पुलिस स्टेशन में रोका गया था, हालांकि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
शादीशुदा हैं चैतन्य, एक बेटे के हैं पिता
6 फरवरी 2022 को चैतन्य बघेल ने ख्याति वर्मा से शादी की थी, जो एक निजी बैंक में काम करती हैं। दंपति का एक बेटा है, विवांश बघेल, जिसका जन्म 3 जनवरी 2023 को हुआ।
क्या है शराब घोटाले का पूरा मामला?
ED की जांच में सामने आया है कि छत्तीसगढ़ में एक शराब सिंडिकेट पिछले कई सालों से सक्रिय था। इस घोटाले की रकम करीब ₹2161 करोड़ आंकी गई है। इस रैकेट में अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और कुछ अन्य अफसर शामिल बताए गए हैं।
तीन हिस्सों में बंटा था घोटाले का सिस्टम
घूस लेकर खरीदी: राज्य की शराब कंपनी (CSMCL) द्वारा खरीदी गई हर पेटी शराब पर डिस्टिलर्स से रिश्वत ली जाती थी।
कच्ची शराब की अवैध बिक्री: बिना किसी सरकारी रजिस्टर में चढ़ाए, कच्ची देशी शराब बेची जाती थी। इसका पैसा सीधे सिंडिकेट के पास जाता था, सरकार को एक पैसा नहीं मिलता था।
बाजार बंटवारा और कमीशन: शराब कंपनियों को एक तय हिस्सेदारी दी जाती थी और इसके लिए मोटा कमीशन लिया जाता था। विदेशी शराब बेचने वाले लाइसेंसधारकों से भी रिश्वत ली जाती थी।
क्या है शाराब घोटाले में चैतन्य बघेल की भूमिका?
ED का आरोप है कि इस घोटाले से निकली अवैध कमाई (Proceeds of Crime) में से एक हिस्सा चैतन्य बघेल तक भी पहुंचा। इस आधार पर 18 जुलाई 2025 को उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह बदले की भावना से की गई कार्रवाई है। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया है।
ये भी पढ़ें: जन्मदिन पर गिरफ्तारी! चैतन्य बघेल पर ED ने कसा शिकंजा, जानें 2,161 करोड़ के शराब घोटाले की कहानी












Click it and Unblock the Notifications