पंचायत के बाद देखिये वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय',CG में शूटिंग शुरू, CM साय ने दिया मुहूर्त-शॉट क्लैप
Web series Graam Chikitsaalay: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रविवार को रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ में शूट होने वाली वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय' की टीम ने मुलाकात की। सीएम साय ने इस दौरान वेब सीरीज ग्राम-चिकित्सालय के मुहूर्त-शॉट का क्लैप भी दिया।
मुख्यमंत्री साय को टीम ने बताया कि उनका पिछला प्रोजेक्ट प्रसिद्ध 'पंचायत' सीरीज था, जिसे बहुत सराहना मिली थी। अब वे वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय' शूट करने जा रहे हैं। इसकी शूटिंग छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में होगी। सीएम ने उनका छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

'पंचायत' टीम को पंसद आई छत्तीसगढ़ की लोकेशंस
सीएम विष्णुदेव साय को वेब सीरीज की टीम ने बताया कि अभी तक उनके 'पंचायत' समेत अन्य प्रोजेक्ट्स की ज़्यादातर शूटिंग मध्यप्रदेश में हुई है। लेकिन इस बार वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय' की कहानी के लिए जैसी लोकेशंस ढूंढी जा रही थीं ,उसकी तलाश छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में जाकर पूरी हुई। पूरा छत्तीसगढ़ ही बेहद सुंदर है। यहां सिनेमेटिक ब्यूटी फैली हुई है। हमें उम्मीद है कि यहां फिल्माई जा रही यह वेब सीरीज भी 'पंचायत' की ही भांति सफल रहेगी।
छत्तीसगढ़ में फ़िल्म निर्माण को बढ़ावा
सीएम विष्णुदेव साय ने वेब सीरीज की टीम से चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में फ़िल्म निर्माण को निरंतर बढ़ावा दे रही है। हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ फ़िल्म शूटिंग के हब के रूप में विकसित हो। नई फिल्म नीति के माध्यम से छत्तीसगढ़ में फ़िल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। राज्य में फ़िल्म सिटी स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय' में दिखेंगे लोकल कलाकार
सीएम विष्णुदेव साय को वेब सीरीज 'ग्राम-चिकित्सालय' की टीम ने बताया कि सीरीज में छत्तीसगढ़ के लोकल हुनरमंद लोगों को भी कास्ट किया जा रहा है। यहां बहुत प्रतिभाशाली कलाकार हैं जिनका इस्तेमाल हम कर रहे हैं। इसलिए थियेटर से जुड़े कलाकारों समेत स्थानीय लोगों को सेलेक्ट किया गया है। लगभग एक माह तक शूट चलेगा।
यह भी पढ़ें Diwali 2024: बस्तर में आदिवासी नहीं मनाते दीपावली, दियारी तिहार मनाने की है परंपरा, पढ़िए रोचक तथ्य












Click it and Unblock the Notifications