छत्तीसगढ़ में बोले पीएम मोदी, मेरी रक्षा देश के करोड़ों लोग करेंगे
PM Modi Chhattisgarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सक्ती में भारतीय जनता पार्टी विजय संकल्प शंखनाद रैली में हुंकार भरते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में हमने , स्थानीय उत्पाद को विश्व बाजार मुहैया कराने 13 हजार करोड़ रुपए की विश्वकर्मा योजना और जन-मन योजना शुरू की है और कांग्रेस के नेता लाठी से मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं, वे कह रहे हैं कि मोदी मर जाए, लेकिन मोदी सिर ऊँचा करके चलता है। मोदी इनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है। गरीबों को जिन्होंने लूटा उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि कोई घर में घुस आए और लूटपाट करने लगे तो परिवार का हर सदस्य भिड़ जाता है और मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है। मोदी की रक्षा देश के करोड़ों लोग करेंगे। जिस बेटे का रक्षा कवच देश की करोड़ों माता-बहनें हैं, उसके लिए तो मौत को भी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे मोदी समाज को गाली दी, पिछड़े वर्ग को गाली दी और हमने पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए के लिए ओबीसी आयोग बनाया, पिछड़ों को स्थानीय भाषा में उच्च शिक्षा का अधिकार दिया और आज यहाँ के कांग्रेस नेता मोदी का सिर फोड़ने और उसके मरने की बात कह रहा है। दरअसल हमने जब घोटालेबाजों का रास्ता रोका, बिचैलियों की कमाई बंद की, तब से इनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया। यहाँ के लोगों के साथ धोखा किया, उनकी जाँच चल रही है। अपने देश को अपने परिवार को लूटपाट से बचाने में जुटा हूं। मोदी कहता है भ्रष्टाचार हटाओ और कांग्रेस कहती है भ्रष्टाचारी बचाओ।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस संविधान खत्म कर देने, आरक्षण खत्म कर देने का झूठ फैला रही है। कांग्रेस कितने दिन यह झूठ फैलाएगी? इस देश का संविधान कोई नहीं बदल सकता। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद ने कर्नाटक में दक्षिण के राज्यों को मिलाकर अलग देश बनाने की बात कर रहे हैं, गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार सार्वजनिक रूप से कह रहे हें कि गोवा में भारत का संविधान नहीं चलेगा, यह संविधान गोवा पर थोपा गया है। कभी जम्मू-कश्मीर में यही कहा जाता था कि भारत का संविधान नहीं चलेगा, पर आज उनकी बोलती बंद है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को जांजगीर-चाँपा और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवार क्रमश: कमलेश जांगड़े और राधेश्याम राठिया के समर्थन में आहूत महती चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सवाल किया कि क्या यह भारत के संविधान का अपमान और उससे छेड़छाड़ नहीं है? गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार ने राहुल गांधी से हुई चर्चा को सार्वजनिक किया है, जिसका साफ मतलब है कि राहुल गांधी की इसमें मौन सहमति है। देश के एक बड़े हिस्से में नकारे जाने से कांग्रेस के लोग बौखला गए हैं और इसलिए देश के भीतर इस तरह के टापू बना रहे हैं। आज वे गोवा में भारत के संविधान को नकार रहे हैं, कल देश में डॉ. बाबासाहब अंबेडकर के संविधान को नकारने का पाप करेंगे। यह देश को तोड़ने की कांग्रेस की सोची-समझी चाल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशवासियों की उम्मीद पूरी करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने का काम भाजपा ने किया। कांग्रेस राम मंदिर के नाम पर तानाकशी करती रही, पर जब मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया तो सातवें आसमान से भी उँचे अपने अहंकार के चलते कांग्रेस ने यह न्योता ठुकरा दिया। यह भगवान राम के ननिहाल और माता शबरी की धरती छत्तीसगढ़ का घोर अपमान है। धर्म के नाम पर देश को बाँटने वाली कांग्रेस शुरू से तुष्टीकरण में लगी रही है। वोट बैंक का राजनीति कांग्रेस के डीएनए में है और इसके लिए वह दलितों, वंचितों, आदिवासियों, पिछड़ों का हक मारने से भी पीछे नहीं हटती। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर काम कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता गाँव, गरीब, किसान, महिला और नौजवान का कल्याण है। हमने नारे नहीं दिए बल्कि 10 वर्षों में काम किया। हमारी नीति और नीयत सही है। हम जो कहते हैं, उसे पूरा करने के लिए परिश्रम करते हैं, चुनौतियों को भी चुनौती देकर अपना कहा पूरा करते हैं।
यह भी पढ़ें पाताल से आकाश तक कांग्रेस पार्टी ने किया घोटाला, छत्तीसगढ़ में विपक्ष पर बरसे जेपी नड्डा












Click it and Unblock the Notifications