Nawagarh: सीएम भूपेश बोले, राहुल गांधी ने कर्जा माफ करने दिया था 10 दिन का समय, हमने 10 घंटे में कर दिया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनचौपाल लगाई। इस दौरान सीएम ने क्षेत्र की जनता को 57 करोड रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। सीएम ने बताया, कि अब तक वे 60 विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।

Nawagarh Vidhansabha भेंट मुलाकात अभियान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 60 वे विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। सीएम बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा पहुंचे थे। नवागढ़ के ग्राम नांदघाट में जनचौपाल लगाकर किसानों और ग्रामीणों से चर्चा की। सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को भी जाना। नांदघाट में सीएम ने 57 करोड़ 29 लाख के विकास कार्यों की सौगात दी।

राहुल गांधी ने दिया था 10 दिनों का समय
सीएम भूपेश बघेल ने जनचौपाल को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार बनते ही हमने शपथ ग्रहण के बाद घोषणा पत्र पर काम शुरु किया। सबसे पहले किसानों के ऋण माफी का फैसला लिया। जबकि लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने हमें किसानों की ऋण माफी के लिए 10 दिनों का समय दिया था, हमने 10 घंटे के भीतर ही प्रदेश के किसानों की खुशहाली के लिए 19 लाख किसानों के लगभग 9 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया।
सीएम भूपेश ने केंद्र सरकार पर लगाया आरोप
सीएम ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने पर केन्द्र के द्वारा लगाए जा रहे अड़चनों के बावजूद हम समर्थन मूल्य और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए सर्वाधिक मूल्य में किसानों से धान खरीद रहे हैं। योजना के तहत तीन किस्त किसानों के खाते में अंतरित की जा चुकी है और चौथी किस्त 31 मार्च को खाते में डाल दी जाएगी।
यह भी पढ़ें,, Chhattisgarh: विधानसभा स्तर पर भाजपा-कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओ की बढ़ गई पूछ-परख
यह किसान, गांव-गरीब और मजदूरों की सरकार : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गन्ना का सर्वाधिक समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। राज्य में कोदो-कुटकी की खरीदी भी समर्थन मूल्य पर हो रही है, जो पूरे देश में कहीं नहीं है। यह किसान, गांव-गरीब और मजदूरों की सरकार है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जितनी भी योजनाएं हम बना रहे हैं, उसका लाभ आप लोगों को मिल रहा है या नहीं, लोग योजनाओं से खुश हैं कि नहीं इसकी जानकारी लेने आए हैं।
57 करोड़ के विकास कार्यों की मिली सौगात
सीएम ने नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के समुचित विकास के लिए 57 करोड़ 29 लाख 49 हजार रुपए की सौगात देते हुए विभिन्न नवीन कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिसमें 35 करोड़ 62 लाख 75 हजार रुपए लागत से स्वीकृत 46 विभिन्न नवीन कार्याे का लोकार्पण शामिल है। इसी प्रकार 21 करोड़ 66 लाख 74 हजार रुपए के 14 कार्याे का भूमिपूजन किया।इस अवसर पर संसदीय सचिव और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे भी उपस्थित थे।

किसान का 12 लाख 50 हजार का कर्ज हुआ माफ
मुख्यमंत्री से बात करते हुए किसान हरीश मिश्रा ने बताया कि उन्हें राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ मिल रहा है। उनके पास 50 एकड़ जमीन है और उनका ऋण माफी योजना के तहत 12 लाख 50 हजार रुपए का कर्ज माफ हुआ है। किसान भागवत निर्मलकर ने बताया कि उनकी 15 एकड़ जमीन है। ऋण माफी के तहत एक लाख 12 हजार रुपए का कर्ज माफ हुआ है। धान बेचकर जो पैसे मिले उनसे अपने बच्चों की शादी कराई है।
ग्राम नांदघाट में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं
1. ग्राम नांदघाट में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला जायेगा। 2. नांदघाट में मंगल भवन का निर्माण कराया जायेगा।
3. बदनारा व नांदघाट में हायर सेकेण्डरी स्कूल के लिए नवीन भवन का निर्माण कराया जायेगा। 4. नांदघाट में नवीन विश्राम गृह का निर्माण कराया जायेगा। 5. बदनारा में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोली जायेगी । 6. नवागढ़ मोड़ बेमेतरा से नवागढ़ होते हुए मुंगेली सरहद तक सड़क निर्माण कराया जायेगा 7. चक्रवाय में मिडिल स्कूल के लिए नवीन भवन का निर्माण कराया जायेगा। 8. नांदघाट पंचायत के विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा। 9. नांदघाट को नगर पंचायत बनाने की घोषणा।












Click it and Unblock the Notifications