जगदलपुर सीट से कांग्रेस की तरफ से यह नेता होगा प्रत्याशी, अटकलों पर लगा विराम, CEC बैठक में टिकट हुई फाइनल
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में नामांकन के लिए दो दिनों का समय बचा हुआ है। वहीं कांग्रेस ने अब तक छत्तीसगढ़ की 60 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की है। इस बीच बस्तर संभाग की एकमात्र बची जगदलपुर की सीट पर राजीव शर्मा का नाम फाइनल किए जाने की खबरें लगातार चल रही हैं। हालांकि कांग्रेस ने इसकी पुष्टि अब तक नहीं की है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इस बार राजीव शर्मा कांग्रेस के विधायक पद के उम्मीदवार होंगे। ऐसे में बस्तर संभाग में 5 विधायकों की टिकट काट दिए जाने की खबरें आ रही हैं।

मालूम हो कि जगदलपुर विधानसभा से रेखचंद जैन ने साल 2018 में हुए चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी रहे संतोष बाफना को 27440 वोटों से हराया था। इसके बाद इस चुनाव में जगदलपुर विधायक होने के नाते रेखचंद ही टिकट के पहले दावेदार थे, लेकिन जगदलपुर की सीट पर फंसे पेंच के कारण नामों की घोषणा नहीं की गई थी।
दरअसल बस्तर संभाग की 12 में से 11 सीटों पर नाम 15 अक्टूबर को घोषित कर दिए गए थे, जिसमें 4 विधायकों की टिकट काट दी गई थी। इसके बाद जगदलपुर सीट पर एक के बाद एक 4 उम्मीदवारों ने टिकट की दावेदारी की थी। इनमें राजीव शर्मा व रेखचंद जैन के अलावा पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पीसीसी पदाधिकारी मलकीत सिंह गैदू का नाम भी टिकट के दावेदारों में सामने आ रहे थे।
लंबी उहापोह के बाद कांग्रेस द्वारा राजीव शर्मा की टिकट फाइनल करने का दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही शर्मा के दफ्तर व घर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भीड़ भी लगी हुई है। मालूम हो कि राजीव वर्तमान में इंद्रावती बेसिन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी हैं, जिसके चलते उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। अब टिकट मिलने के दावे के बीच उनके घर व दफ्तर में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है।
इधर राजीव को टिकट दिए जाने को लेकर भाजपा में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। बताया जाता है कि राजीव को शहर में खास बढ़त नहीं मिल पाएगी, जिसका फायदा भाजपा को मिलेगा। इसके अलावा कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय नामांकन भरने वाले प्रत्याशियों से भी कांग्रेस को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications