'500 रुपये में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट बिजली मुफ्त', बस्तर में भूपेश बघेल ने खोला घोषणाओं का भंडार
Chhattisgarh Assembly Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बीच प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर की तीन विधानसभाओं का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने जहां नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भानपुरी में सभा की वहीं बस्तर विधानसभा के मूली और चित्रकोट विधानसभा के कुरेंगा में भी सभा को संबोधित करने पहुंचे।

मूली में जनसभा के दौरान उन्होंने प्रदेशभर के 6600 से ज्यादा ट्रक ऑपरेटरों का 2018 तक बकाया मोटर यान कर, शास्ति और ब्याज की रकम माफ की जाएगी। इस पर उन्होंने 726 करोड़ रूपए माफ करने की बात कही है।
इसके साथ ही उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा लिए गए ऋण और सक्षम योजना से लिए गए कर्ज को भी माफ करने की घोषणा करते हुए लोगों को 17 गारंटियां भी उन्होंने दी हैं।
प्रदेश के 6 हजार से ज्यादा हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूलों की तर्ज पर अपग्रेड करने की घोषणा भी की है। स्वास्थ्य पर उन्होने कहा कि खूबचंद बघेल योजना से अब 5 लाख नहीं, बल्कि 10 लाख रूपए तक का मुफ्त इलाज लोगों को मिलेगा।
सीएम भूपेश ने अपनी सभाओं में 500 रूपये में गैस सिलेंडर देने और किसानों का कर्ज माफ करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ करना भाजपा के लोगों को पचता नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने कारोबारी मित्रों का हजारों करोड़ रूपए का कर्ज बार-बार माफ कर देते हैं, तब भाजपा के पेट में दर्द नहीं होता।
सीएम ने अपनी सभाओं में कांग्रेस सरकार के द्वारा पिछले पांच सालों के कार्यों को गिनाया। वहीं इस बार सौ यूनिट की जगह 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा भी की। इसके साथ ही पूर्व शिक्षा मंत्री केदार कश्यप पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब वे मंत्री थे, तब स्कूलों को बंद करवाने का काम किया और एक-एक कर 3 हजार से ज्यादा स्कूलों को बंद करवा दिया गया। कांग्रेस सरकार ने बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू करवाया और सिर्फ यही नहीं किया, बल्कि सरकारी अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की शुरूआत भी की।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications