Exit Polls 2023: छत्तीसगढ़ में एग्जिट पोल के बाद बढ़ी टेंशन, केंद्रीय नेताओं ने संभाली कमान
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। इसके पूर्व अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त तो मिलेगी, लेकिन यहां कांटे की टक्कर भी बताई गई है, यानी प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी भी बहुत पीछे नहीं है। इस बीच कांग्रेस और भाजपा दोनों की दलों के संभावित विधायकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। दोनों ही दल यह नहीं चाहते है कि थोड़ी सी चूक हो और उनका विधायक विरोधी खेमे में चला जाये।

इधर रायपुर एयरपोर्ट में परिणाम के दिन के लिए चार्टर प्लेन भी बुक करवा लिए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक 3 चार्टर प्लेन बुक किये गए हैं,हालांकि कोई भी इस मामले में अधिकृत तौर पर कहने के लिए राजी नहीं हैं। चर्चा है कि कांग्रेस और भाजपा की तरफ से यह बुकिंग विधायकों की तोड़फोड़ रोकने के लिए की गई है।
कांग्रेस अपने विधायकों को एहतियातन कर्नाटक और भाजपा अपने विधायकों को दिल्ली भेज सकती है। छत्तीसगढ़ में भाजपा का सारा मैनेजमेंट केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और ओम माथुर देख रहे हैं, जबकि छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी कुमारी सैलजा संभाल रही हैं।
2018 के विधानसभा चुनाव के बाद भी अधिकतर एग्जिट पोल ने कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया था। नतीजे भी कांग्रेस के ही पक्ष में आये थे। इस बार भी मतदान के पहले कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर दिखाई दे रही थी। इधर कांग्रेस और बीजेपी ने अपनी-अपनी सरकार बनने का दावा किया है।
छत्तीसगढ़ में कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हुए थे। पहले चरण के लिए 20 सीटों पर 7 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान हुआ था, परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications