छत्तीसगढ़:कोरोना के बढ़ते मामलो का असर , स्कूल के बाद अब कॉलेज भी किये गए बंद
Chhattisgarh , college, examination, corona, university, online examination , Raipurछत्तीसगढ़ ,कोरोना, विश्विद्यालय, कॉलेज, महाविद्यालय , ऑनलाइन परीक्षा , रायपुर
रायपुर, 13 जनवरी । कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सभी कॉलेजों मे ऑनलाइन परीक्षाएं लेने के आदेश जारी कर दिये हैं। सरकार का यह आदेश काफी देरी से आया है,क्योंकि स्कूलों को बंद करने के सम्बंध मे आदेश काफी पहले जारी कर दिये गए थे ।गौरतलब है कि रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों मे कोरोना वायरस तेजी से पैर पसार रहा है। संक्रमित में बच्चों और युवाओं की संख्या काफी देखी जा रही है।

छत्तीसगढ़ सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक मौजूदा सत्र मे सेमेस्टर पद्धति वाले सभी पाठ्यक्रमों की प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑनलाईन, ब्लैन्डेड मोड मे आयोजित की जाना अनिवार्य कर दिया गया है। आदेश मे कहा गया है कि विश्वविद्यालयों की तरफ से इस संबंध मे जल्द ही दिशा निर्देश जारी किये जाने चाहिए।
यह भी पढ़ें बस्तर की मुर्गा लड़ाई का रोमांच तो देखिए, प्रशासन भी प्रतिबंध लगाने मे हुआ विफल
सरकार ने अपने निर्देश मे कहा है कि कक्षाओं मे विद्यार्थियों की उपस्थिति तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करते हुए सभी कक्षाओं का संचालन ऑनलाईन पद्धति से कराया जाए। वहीं कॉलेज स्टाफ को एक-तिहाई रोस्टर पद्धति से उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया गया है। जारी दिशा-निर्देशों मे कहा गया है कि कॉलेजों के गैर-शैक्षणिक कामों को रोस्टर ड्यूटी मुताबिक उपस्थित कर्मचारियों की तरफ से उपस्थित होकर किया जायेगा ,लेकिन बाकी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम से काम करेंगे ।
यह भी पढ़ें भूपेश के मंत्री बोले, छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्य की तुलना मे बेरोजगारी दर बेहद कम
विपक्ष ने की थी मांग
सरकार ने भले ही कॉलेजों मे विद्यार्थियों और स्टाफ के हित में फैसला लेने की बात कही हो, लेकिन कुछ दिनों पहले तक छात्र परीक्षा फार्म भी ऑफलाइन तरीके से लाइन में लगकर ही भर रहे थे। इस मामले मे सियासत भी कम नहीं हुई थी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ मे कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने तीन दिन पहले ही ट्वीट कर सरकार को सलाह दी थी कि प्रदेश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार को सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों मे ऑनलाइन पढ़ाई को प्रोत्साहित करने की दिशा मे तुरंत फैसला लेना चाहिए। इसके साथ ही छात्र हित मे छत्तीसगढ़ के सभी संस्थानों को फिलहाल बंद करना बेहतर होगा।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा था कि कोरोना संक्रमण के समय भी सरकार शराब की होम डिलीवरी कर रही है,लेकिन सरकार विद्यार्थियों से परीक्षा फार्म ऑफलाइन भरवा रही है। साय ने कहा था कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए सरकार को ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरवाने के दिशा निर्देश जारी करने चाहिए । भाजपा ने इस मांग को लेकर सोशल मीडिया पर कैंपेन भी चलाया था।












Click it and Unblock the Notifications