सीएम भूपेश ने कुकदुर में लगाई चाैपाल, कहा, गांव उत्पादन और शहर बने खरीदी केंद्र, सरकार कर रही प्रयास
कवर्धा,30 सितम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदेश व्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत ग्राम कुकदूर में जनचौपाल के माध्यम से लोगों से चर्चा की। इस दौरान सीएम ग्राम पंचायत कुकदुर में स्थित बूढ़ी माई मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे, यहां उन्होंने बूढ़ी माई से प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री बघेल ने लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने पंडरिया नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही कुण्डा में महाविद्यालय बनाने, हरी लाला में पुल निर्माण समेत दर्जनों कार्यों के लिए करोड़ों की सौगात दी है.। जिसके बाद सीएम पैदल ही ग्राम कुकदूर के जन चौपाल स्थल तक पहुंचे।

गांव उत्पादन और शहर बने खरीदी केंद्र बने : सीएम
ग्राम कुकदूर में आयोजित भेंट मुलाकात के दौरान बताया कि छत्तीसगढ़ में किसानों को उनकी उपज का सही दाम राज्य सरकार दे रही है। कोदो-कुटकी, रागी जैसे लघु धान्य फसलों और दलहनी फसलों की भी खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। तेंदूपत्ता 4000 रुपए प्रति मानक बोरा में खरीद रहे हैं। 7 से बढ़ाकर 65 तरह के लघुवनोपजों की खरीदी सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव उत्पादन का केंद्र बने, शहर खरीदी का केंद्र बने, हम इस पर काम कर रहे हैं।
भाजपा सरकार ने 3 हजार स्कूल किए बंद, हमने शुरू किया: सीएम
पिछली सरकार में 3 हजार स्कूल बंद किए गए और हमने सारे स्कूलों को खोला है। हमने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल खोले, गरीब किसान के बच्चे भी इस स्कूल में पढ़ रहे हैं। हम अच्छे स्कूल खोल रहे हैं ताकि सभी को अच्छी शिक्षा मिल सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की जरूरतों को समझते हुए कहा कि, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की किश्त इस बार दीपावली के सात दिन पहले ही आ जाएगी। मुख्यमंत्री की बात सुनकर जनता के चेहरे खुशी से चमक उठे और यह रौनक उनके मुस्कान के तौर पर साफ झलक रही थी।

मुख्यमंत्री ने कुकदूर में की घोषणाएं, नगर पंचायत पंडरिया बनेगा नगर पालिका
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम कुकदूर में भेंट-मुलाकात के दौरान जन संवाद किया। इस दौरान आमजनों की ओर से क्षेत्रीय जरूरतों के लिहाज से अनेक मांगें रखी गईं। मुख्यमंत्री ने भी जनआकांक्षाओं का ख्याल रखते हुए अनेक घोषणाएं कीं, जो इस प्रकार हैं -
1. क्रांति जलाशय की वर्षों से लंबित मांग को पूरा किया जाएगा।
2. ग्राम कोदवागोड़ान में आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल खोली जाएगी।
3. हरिहर नाला पुल निर्माण कराया जायेगा।
4. ग्राम पंचायत कुकदूर दैहान टोला यादव पारा में पुलिया निर्माण कराया जाएगा।
5. ग्राम कुई में सर्व-सुविधायुक्त आदिवासी सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
6. ग्राम पंचायत कुकदूर बैगापारा में ट्रांसफार्मर लगाने की स्वीकृति दी।
7. नगर पंचायत पंडरिया को नगर पालिका बनाया जाएगा।
8. सिंहपुर से छिरहा होते हुए कुलीडोंगरी मार्ग में सड़क निर्माण कराया जाएगा।
9. बाघामुड़ा से नेउगांव तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।
10. ग्राम कुंडा में कॉलेज खोला जाएगा।
11. दामापुर में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आदिवासी भगत राम पुसाम के घर किया भोजन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम कुकदूर में आदिवासी किसान भगत राम पुसाम के घर जमीन में बैठकर भोजन किया। यहां मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़िया भोजन और पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। भोजन में चेंच भाजी, ठेठरी, खुरमी, फरा, कुटकी से बनी खीर और सिलबटे से पिसी टमाटर की चटनी मुख्यमंत्री को परोसी गई थी। इस अवसर पर भगत राम पुसाम ने अतिथि देव भवः की परम्परा का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री बघेल का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री मोहम्मद अकबर, पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर, कलेक्टर जन्मेजय महोबे व आदिवासी समाज के अन्य गणमान्य नागरिकों ने भोजन ग्रहण किया।












Click it and Unblock the Notifications