स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी छत्तीसगढ़ सरकार
Chhattisgarh government will conduct health check-up of school children
रायपुर , 10 मार्च। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार सभी स्कूलों में बच्चों की हेल्थ फिटनेस चैक करेगी। राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने सभी स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने इस दौरान राज्य के सभी दिव्यांग बच्चों को नि:शक्तता प्रमाण पत्र जारी करना सुनिश्चित करने कहा है। चीफ सेक्रेटरी ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य अधिकारी को परिपत्र जारी कर स्कूली शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आगामी दो महीनों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव जैन ने कलेक्टरों और जिला पंचायतों के CEO को परिपत्र जारी करके कहा है कि कोरोना महामारी के पूर्व सभी स्कूली बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और इलाज स्कूल शिक्षा विभाग और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से किया जाता था। समग्र शिक्षा अभियान के तहत समावेशी शिक्षा मद में सभी वर्ग के दिव्यांग बालकों का चिन्हांकन और आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण एवं उपचार के लिए व्यवस्था है। स्वास्थ्य विभाग के चिरायु कार्यक्रम के तहत बच्चों के चिन्हांकन के बाद इलाज की व्यवस्था है।
मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने कलेक्टरों को निर्देशित किया है किसभी जिला स्तर पर स्कूली शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अफसरो के बीच समन्वय से आगामी दो माह में योजनाबद्ध तरीके से सर्वे पूरा करवा लिया जाए। उन्होंने ऐसे स्कूलों जहां सर्वेक्षण का काम पूरा हो गया है, वहां आगामी रिफरल के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता से मुहैया कराने कहा है।
अपने निर्देश में राज्य के मुख्य सचिव ने कहा है कि बेसलाइन डॉटा के लिए पिछले यूडाइस के तहत पहचाने गए दिव्यांग बच्चों को सबसे पहले उपचार के लिये प्राथमिकता पर लिया जा सकता है, जब तक नए सर्वे और स्वास्थ्य परीक्षण सम्पन्न हो। उन्होंने हेल्थ सर्वे के साथ-साथ शत-प्रतिशत दिव्यांग बच्चों को नि:शक्तता प्रमाण पत्र का बांटने भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जैन ने सभी कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस संबंध में व्यक्तिगत रूचि लेते हुए सभी जरुरी कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा है।












Click it and Unblock the Notifications