CG Election: छत्तीसगढ़ चुनाव के पहले चरण में 71 फीसदी वोटिंग, बीजापुर-कोंडागांव में टूटा 2018 का रिकॉर्ड
CG Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान मंगलवार को हुआ। इस दौरान मतदान को लेकर जहां लोगों में उत्साह देखने को मिला, वहीं सुबह से ही मतदान केंद्रों में लोगों की लाइन लग गई।
इसके बाद अपनी बारी का इंतजार करते हुए लोगों ने मतदान किया। मतदान करने के बाद लोगों ने अपनी उंगली पर लगी अमिट स्याही दिखाते हुए सेल्फी लेकर इसे सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया, ताकि बाकी लोग भी मतदान करने प्रेरित हो सकें।

शाम 5 बजे तक बस्तर संभाग की 9 सीटों पर करीब 64 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। बस्तर संभाग के 6 जिलों के जगदलपुर, बस्तर, चित्रकोट, बीजापुर व कोंटा विधानसभाओं में धीमी शुरूआत हुई, लेकिन धीरे-धीरे वोटिंग का प्रतिशत बढ़ता चला गया।
इधर बीजापुर विधानसभा में सबसे कम करीब 40.98 फीसदी मतदान हुआ है, वहीं सबसे ज्यादा मतदान कोंडागांव विधानसभा में 76.29 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।
मतदान को लेकर लोगों में जो उत्साह दिखा। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदान केंद्रों में सुबह से मतदाताओं की चहल-पहल दिखी। इस बीच बस्तर संभाग की 9 सीटों में से अंदरूनी इलाकों के मतदान केंद्रों में जहां सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ, वहीं मैदानी इलाकों में वोटिंग का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक रखा गया था। इस बीच लोगों ने मतदान को प्राथमिकता देते हुए सबसे पहले मतदान करने का प्रयास किया।
इधर शहर से दूर के गांवों में भी आदिवासी और ग्रामीण मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए ग्रामीण व आदिवासी मतदाताओं ने भी मतदान किया। शहर से करीब 25 किमी दूर ग्राम नेतानार में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। महिलाओं व पुरूषों के साथ ही युवा मतदाता भी वोटिंग करने पहुंचे।
बस्तर संभाग की 9 सीटों में से 6 सीटों पर शुरूआत में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। इसमें चित्रकोट विधानसभा में सुबह 9 बजे केवल 2.50 प्रतिशत वोटिंग ही हो सकी थी, वहीं कोंटा में 4.21, बीजापुर में 4.50, बस्तर में 5.55 और जगदलपुर विधानसभा में 6.41 प्रतिशत मतदान ही रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे समय बीतने के साथ ही मतदान प्रतिशत में भी ईजाफा होता रहा।
जानिए, बस्तर संभाग की 12 सीटों पर इतना हुआ मतदान
विधानसभा मतदान का प्रतिशत
जगदलपुर 75.00
बस्तर 71.39
चित्रकोट 70.36
दंतेवाड़ा 62.55
बीजापुर 40.98
कोंटा 50.12
कोंडागांव 76.29
केशकाल 74.49
नारायणपुर 63.88
अंतागढ़ 70.72
भानुप्रतापपुर 79.10
कांकेर 76.13
(मतदान का प्रतिशत 7 नवंबर की शाम 5 बजे तक के हैं, इसके बाद मतदान का प्रतिशत बढ़ने की संभावना है।)
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications