Chhattisgarh: जशपुर में किसान ने दी जान, सरकार बोली-पारिवारिक विवाद था कारण
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के जशपुर जिले में एक किसान के आत्महत्या करने के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है। मिली जानकारी के मुताबिक बगीचा थाना क्षेत्र के छिछली गांव के रहने वाले किसान रामकुमार यादव ने बुधवार को आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का कहना है कि मक्के की फसल खराब होने और फसल के लिए लिए गए कर्ज के कारण,रामकुमार ने आत्महत्या की। इधर सरकार ने इसे परिवारिक कलह का परिणाम बताया है। इस पूरे मामले में भाजपा भी हमलावर है।

इधर राज्य सरकार की तरफ से प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया गया है कि जशपुर जिले के सन्ना तहसील के ग्राम छिछली के श्री राजकुमार यादव ने स्वास्थ्यगत एवं पारिवारिक परेशानियों के चलते आत्महत्या की है। आर्थिक अभाव एवं कर्जदार होने का कोई प्रमाण अभी सामने नहीं आया है। यह जानकारी बगीचा के एसडीएम और सन्ना के तहसीलदार ने प्रारंभिक तौर पर परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर दी है। सन्ना के तहसीलदार ने बताया कि 26 वर्षीय राजकुमार यादव बीते एक साल से अपने माता-पिता एवं भाईयों से अलग अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। बीते सीजन में उसने मिर्ची की खेती की थी, जिससे उसे एक लाख रूपए की आमदनी हुई थी।
अभी वह 6-7 एकड़ खेत में मक्का की खेती की है। फसल की स्थिति अच्छी है। प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी भी मिली है कि श्री यादव के ऊपर किसी का न तो कर्ज बताया था, न ही आर्थिक परेशानी थी। राजकुमार यादव की तबीयत ठीक नहीं रहती थी, जिसके चलते विचलित एवं परेशान रहता था। बातचीत में लोगों ने स्वास्थ्यगत एवं पारिवारिक कारणों से राजकुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही है। गौरतलब है कि 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजकुमार यादव द्वारा अपने घर के पास पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं? एक नवम्बर से खुलने वाला है Achankmar Tiger Reserve
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications