Chhattisgarh: मुंगेली में आयोजित रामोत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कारसेवकों का किया सम्मान
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज रामलला की पूजा-अर्चना करके मुंगेली में आयोजित रामोत्सव का शुभारंभ किया। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के गौरवशाली पल का साक्षी बरेला में यह आयोजन हुआ था। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले कार सेवकों को सम्मानित किया।उन्होंने विधायक पुन्नुलाल मोहले, द्वारिका जायसवाल, मोहन भोजवानी और अन्य कारसेवकों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रामोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि 500 वर्षों की लंबी तपस्या के बाद भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं है, बल्कि पूरे भारतवासियों की आन, बान, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रभु श्रीराम हम सबके श्रद्धा और आस्था के केन्द्र हैं। उनके बताए रास्ते से दुनिया में सुख, शांति और समृद्धि आ सकती है।
अरुण साव ने कहा कि आज भगवान राम के इस उत्सव को पूरे देश के लोग मना रहे हैं। लोरमी में भी बेर से बने भगवान राम की आकृति निर्मित करने का रिकॉर्ड बना है। अब पूरा हिन्दुस्तान एक नई दिशा में एक नई सोच के साथ बढ़ेगा तथा छत्तीसगढ़ में रामराज्य का सपना साकार होगा। साव ने कार्यक्रम में कहा कि छत्तीसगढ़ को खुशहाल और समृद्ध बनाने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हम सभी मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन सहित सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सब के सहयोग से हम राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेली के विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि 500 वर्षों की कठिन मेहनत के बाद आज रामलला की अपने स्थान पर प्राण प्रतिष्ठा हुई है। छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। हमारी सरकार ने सभी जिलों और विकासखंडों में रामोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया था। प्रभु श्रीराम आदर्श जीवन के प्रतीक रहे हैं। भगवान राम ने अपने आचरण से सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, इसलिए उनको मर्यादा पुरूषोत्तम राम कहा जाता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए शांति के मार्ग पर चलते हुए लोगों की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।












Click it and Unblock the Notifications