छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन, अमित शाह ने नए सदस्यों को बताया कैसे बने प्रभावी विधायक
Amit Shah Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित प्रबोधन सम्मेलन के द्वितीय दिवस केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि विधायक के तीन प्रकार के दायित्व होते हैं। पहला हमारे क्षेत्र के प्रति दायित्व होता है, दूसरा पार्टी की विचारधारा के प्रति दायित्व होता है, तीसरा दायित्व विधानसभा के सदस्य होने के नाते अपने राज्य के सुखकारी कानून बनाने, विकास और प्रगति का होता है।

अमित शाह ने आगे कहा कि बजट के माध्यम से राज्य का विकास कैसे हो? इसका भी दायित्व होता है। तीनों क्षेत्रों के लिए हमें अपने समय और शक्तियों का भी बंटवारा करना होता है। शाह ने कहा कि मैं कई अनुभवी विधायकों से मिला हूं, कुछ विधायकों का लोकसंपर्क और लोकसंग्रह भी बड़ा होता है , बहुत लोकप्रिय होते हैं, किंतु विधानसभा में जब देखें, तो वह शायद ही किसी बिल पर दो शब्द भाषण दे पाते हों या बजट पर चर्चा कर पाते हों। मेरी दृष्टि से वह संपूर्ण विधायक नहीं माने हैं। शाह ने साथ में जोड़ा कि कुछ लोग जनता का संपर्क, अपने क्षेत्र में काम करते हैं,किन्तु अपने पार्टी के विचारधारा के प्रति काम नहीं करते हैं, वह भी संपूर्ण विधायक नहीं है।
इससे पहले रविवार दोपहर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत रायपुर पहुंचे। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, सांसद सुनील सोनी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल और पूर्व आरडीए अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
ज्ञात हो कि अमित शाह छत्तीसगढ़ में बढ़ती नक्सल घटनाओं के बीच नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा भी करेंगे। दरअसल छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद 10 से अधिक नक्सल घटनाएं और मुठभेड़ की गतिविधियां हो चुकी हैं,लिहाजा बस्तर और राजनांदगांव के इलाके के सभी एसपी, कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों के साथ उनकी बैठक खास होगी।












Click it and Unblock the Notifications