छत्तीसगढ़ः 22 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र आगामी 22 फरवरी से शुरू होगा। गुरुवार को विधानसभा सचिवालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दिया है। यह बजट सत्र 26 मार्च तक के लिए प्रस्तावित है। इस दौरान कुल 24 बैठकें होंगी। बजट सत्र के कार्यक्रम के अनुसार 22 फरवरी को सत्र की शुरुआत राज्यपाल अनुसूईया उइके के भाषण से होगी। उसी दिन सरकार राज्यपाल के ज्ञापन पर कृतज्ञता जताने का प्रस्ताव लेकर आएगी। अगले दिनों से उसी पर चर्चा होगी।

बताया जा रहा है कि मार्च के पहले सप्ताह में किसी दिन सीएम भूपेश बघेल प्रदेश का वार्षिक बजट पेश करेंगे। बजट को लेकर अभी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विभागों से चर्चा जारी है। बताया जा रहा है कि कोरोना काल में आई वित्तीय दिक्कतों के चलते इस बार कटौती का बजट पेश होगा। इसमें बेहद जरूरी योजनाओं के लिए ही बजट प्रावधान किये जाने हैं।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 28 दिसंबर को खत्म हुआ है। इसमें कुल पांच दिन सभा की कार्यवाही चली थी। वहीं सत्र की घोषणा से पहले प्रदेश में विपक्ष खासतौर पर भाजपा किसानों और धान खरीदी में दिक्कतों के मुद्दे को लेकर आंदोलित है। भाजपा शुक्रवार को रायपुर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने जा रही है, जिसमें प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी भी शामिल होंगी।
भाजपा ने इन मुद्दों को सदन में भी उठाने की घोषणा की है। वहीं सरकार को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ बिरगांव में प्रतिमा विवाद पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। विपक्ष प्रदेश में बढ़ते अपराध, टमाटर उत्पादक किसानों को हुए नुकसान, हाथियों के आतंक, रेत की अवैध आपूर्ति, नशे के फैलते कारोबार पर भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सत्तारूढ़ दल के नेता भाजपा के शासनकाल से इसकी तुलना करने में जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications