शुरू हुआ छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र, 9 मार्च को बजट पेश करेंगे सीएम भूपेश बघेल
रायपुर,07 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। 25 मार्च तक चलने वाले इस सत्र की शुरुआत राज्यपाल अनुसुईया उइके के अभिभाषण से हुई। अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने भूपेश सरकार के विकास कार्यों की सराहना की। सदन की कार्यवाही आगे बढ़ पाती,इससे पहले ही विपक्ष के सदस्यों की तरफ से बजट सत्र के छोटे होने के विषय पर जमकर हंगामा किया गया,जिसके बाद सदन की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

राज्यपाल अनुसुईया उईके ने अपने अभिभाषण की छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ
इससे पहले राज्यपाल अनुसुईया उईके ने अपने अभिभाषण के कहा कि छत्तीसगढ़ की मौजूदा सरकार किसानों, वन आश्रितों और मजदूरों की है। सरकार ने जनता के आत्मसम्मान के लिए उनकी भागीदारी और आय बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। किसान खेती की तरफ लौट रहे हैं और इस साल राज्य में करीब 21 लाख 77 हजार किसानों ने 97 लाख 98 हजार टन धान का विक्रय किया है।
सत्र के पहले ही दिन सदन में विपक्ष के विधायकों ने बजट सत्र की अवधि बढ़ाये जाने की मांग करते हुए हंगामा किया। विपक्ष के विधायकों का कहना था कि बजट सत्र छोटा होने की वजह से कई महत्त्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए पर्याप्त वक़्त नहीं मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत ने भाजपा समेत अन्य विपक्षी दलों के विधायकों की मांग पर विचार करने का भरोसा दिलाया,लेकिन असंतुष्ट विधायकों ने हंगामा करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया।
विपक्ष ने की बजट सत्र की अवधि बढ़ाये जाने की मांग
भाजपा विधायकों का कहना था कि सामान्य तौर पर विधानसभा के बजट सत्र के मध्य राज्यपाल के अभिभाषण पर दो दिनों तक चर्चा की जाती है, लेकिन मौजूदा सत्र में चर्चा के लिए केवल 1 ही दिन रखा गया है ,इस कारण सदन के पटल पर विधायकों को अपनी बातें रखने के लिए कम समय मिलेगा। विपक्ष ने मांग करते हुए कहा कि मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा ही होनी चाहिए ,जबकि अनुपूरक बजट पर बुधवार को पूरे दिन चर्चा होनी चाहिए। BJP की तरफ से विधायक अजय चंद्राकर ने सोमवार को ही सदन की कार्यवाही पूरे दिन चलाने की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के सदस्यों की मांग पर विचार करने क आश्वासन दिया,जिसके बाद हंगामे के बाद कल तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
दिवंगतों को की गई श्रद्धांजलि अर्पित
इससे पूर्व आज 7 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन सदन में दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारत रत्न लता मंगेशकर ,वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक रमेश वर्ल्यानी, मदन सिंह डहिरया के निधन का उल्लेख करते हुए सदस्यों ने दिवंगतों को याद किया। गौरतलब है कि बजट सत्र में इस बार कुल 13 बैठकें होंनी हैं । वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 9 मार्च को सदन में सीएम भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ का बजट प्रस्तुत करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि मौजूदा बजट का साइज़ 1 लाख करोड़ से ज्यादा के होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें सीएम भूपेश बघेल बने बाईक राईडर,कहा- जब भी मौका मिलता है,मैं बाईक चलाता हूं












Click it and Unblock the Notifications