बलरामपुरः कई दिन पहले गांव जाने के लिए निकला था कांस्टेबल, झाड़ी में मिली लाश
बलरमापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस लाइन के पास सोमवार की रात को पुलिस कांस्टेबल का शव बरामद हुआ है। शव की स्थिति काफी बुरी थी। आशंका जताई जा रही है कि कांस्टेबल की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। वह 5 दिन पूर्व अपने गांव जाने के लिए निकला था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चांदो गांव निवासी पुलिस कांस्टेबल केशव प्रसाद खलखो पुलिस लाइन में पदस्थ थे और वहीं क्वार्टर में अकेले रहते थे।

बताया जा रहा है कि वह 6 मार्च को गांव जाने के लिए क्वार्टर से निकले थे। इसके बाद सोमवार की देर शाम को पुलिस लाइन के पास ही रेंजर ऑफिस के सामने झाड़ियों में पड़ा मिला। दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कांस्टेबल की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन से करीब 15-20 किलोमीटर दूर उनका गांव है। इसी साल कांस्टेबल केशव प्रसाद खलखो को रिटायरमेंट भी होना था। बताया जा रहा है कि मौत करीब 3 दिन पहले हुई होगी। हालांकि ज्यादा जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications