CG: बस्तर में नक्सल पीड़ितों के परिवारों से मिले अमित शाह, शहीदों को किया नमन
Amit Shah Chhattisgarh Visit: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद जवानों के परिजनों व नक्सली हिंसा के शिकार परिवारों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बनाए गए इस स्मारक में शहीदों के बलिदान को सम्मानित किया गया है और यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के 1399 नाम इस स्मारक पर अंकित किए गए हैं। शाह ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सलवाद के समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्प लिया है और इसे समाप्त करने के लिए 3 मोर्चों पर काम कर रही है।

एक साल में 287 नक्सलियों को मार गिराया गया: अमित शाह
उन्होंने कहा कि जो नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, उन्हें समाज की मुख्यधारा में स्वागत किया जाएगा, लेकिन जो हिंसा की राह नहीं छोड़ते, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पिछले एक साल में 287 नक्सलियों को मार गिराया गया, 1000 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 837 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक मज़बूत अभियान चलाया है और विश्वास व्यक्त किया कि 31 मार्च 2026 के बाद नक्सलवाद का नामोनिशान भी नहीं रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि 15,000 आवास स्वीकृत किए गए हैं और सरकारी योजनाओं का 100 प्रतिशत सैचुरेशन किया जा रहा है।
शहीदों के परिजनों से मुलाकात, कहा- याद रखेंगे बलिदान
शहीदों के परिजनों से मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आपने अपने परिजनों को खोया है, और इस दुख को कम नहीं किया जा सकता, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार आपके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा और सरकार उनकी यादों को सहेजने के लिए कई कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने शहीदों के परिजनों की समस्याओं को सुनने के लिए पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में एक दिन तय किया है, जहां कलेक्टर भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहीदों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उनके हितों का ध्यान रखेगी। उन्होंने शहीदों की स्मृतियों को सहेजने के लिए उनके गांवों में प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना भी साझा की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वह बस्तर में शांति और उन्नति के लिए शहीद हुए जवानों और नक्सल हिंसा के शिकार परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजन और नक्सली हिंसा से पीड़ित नागरिकों के परिजन उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें CG: गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा, सुकमा में 9 नक्सली गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications