Online Rummy में महिला के साथ हो गया बड़ा 'खेल', कहीं आपको भी भारी ना पड़ जाए ये लत !
चेन्नई, 08 जून: ऑनलाइन गेमिंग की लोगों को लत न सिर्फ आर्थिक रूप से बर्बाद कर रही है, बल्कि इसकी वजह से लोग जान लेने और देने से भी नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला चेन्नई का है, जहां एक शादीशुदा महिला को ऑनलाइन जुए की इस कदर लत लगी कि उसने इसमें लाखों रुपए गंवा दिए। इस नुकसान की वजह से उसने मौत को गले लगा लिया।

हेल्थकेयर फर्म में जॉब करती थी महिला
चेन्नई के पास मनाली न्यू टाउन में रविवार को एक 29 वर्षीय महिला ने सुसाइड कर लिया। मृतका की पहचान भवानी के रूप में हुई है। भवानी कंदांचवडी के पास एक हेल्थकेयर फर्म में काम करती थी। परिवार में पति भाग्यराज (35) हैं, जो थोरईपक्कम के पास एक निजी फर्म में काम करते हैं। भवानी के दो बच्चे हैं। एक की उम्र 3 साल और दूसरे की उम्र 1.5 साल है।

ऑनलाइन रमी में महिला को हुआ 10 लाख का नुकसान
पुलिस के मुताबिक, बीएस ग्रेजुएट भवानी को पिछले डेढ़ साल से ऑनलाइन रमी खेलने की आदत थी। शुरुआती दौर में उसने इससे काफी मुनाफा कमाया था। इसके बाद उसने पिछले चार महीनों में ऑनलाइन रमी में अधिक निवेश करना शुरू कर दिया था। इसके बाद उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद भी भवानी ने ऑनलाइन जुआ खेलना जारी रखा। बताया गया कि महिला को 10 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ था। उसने कर्ज चुकाने के लिए अपने परिवार के सदस्यों से मदद मांगी।

30 हजार और गंवाए, फिर खत्म कर ली जिंदगी
पुलिस ने बताया कि बीते रविवार को भी भवानी को ऑनलाइन रमी में 30 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हुआ था। इसके बाद वह बेहद परेशान हो गई थी। उसी रात करीब 8.30 बजे बगल की गली में स्थित अपनी मां के घर पर खाना खाकर भवानी अपने परिवार से कहकर गई थी कि वह जल्द ही वापस आ जाएगी। जब वह नहीं आई तो पति भाग्यराज घर पहुंचा और उसे मृत पाया। भवानी के एक रिश्तेदार सरवनन ने मीडिया को बताया कि उसने खोई हुई राशि की वसूली के लिए ऑनलाइन रमी में अधिक से अधिक निवेश करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कर्ज बढ़ता ही गया।












Click it and Unblock the Notifications