अमृतसर पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, 85 करोड़ की हेरोइन के साथ एक तस्कर धरा
अमृतसर पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गुरुवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा जम्मू-कश्मीर से अमृतसर तस्करी कर लाई गई लगभग 17 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
चंडीगढ़, 26 अगस्त। अमृतसर पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गुरुवार सुबह एक व्यक्ति द्वारा जम्मू-कश्मीर से अमृतसर तस्करी कर लाई गई लगभग 17 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इस हेरोइन को इनोबा गाड़ी संख्या PB01A6708 में तस्करी कर लाया गया था। पुलिस ने आरोपी को पठानकोट के माधोपुर से गिरफ्तार किया है। इस हेरोइन की कीमत 85 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

बता दें कि यह घटना अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा अमृतसर के पंजग्रियां सीमा चौकी के इलाके से लगभग 41 किलोग्राम वजनी हेरोइन के 39 पैकेट बरामद करके पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा लाई गई एक बड़ी नशीली दवाओं की तस्करी के प्रयास को विफल करने के कुछ दिनों बाद आया है। मालूम हो 1 जनवरी 2021 से अब तक पंजाब पुलिस ने लगभग 400 किलो हेरोइन, 4 किलो स्मैक, 6 किलो कोकीन, 98000 से अधिक इंजेक्शन और 1.44 करोड़ नशीली गोलियां / कैप्सूल बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्रालय की चेतावनी- कोरोना की दूसरी लहर अभी भी जारी, त्योहारों के दौरान सख्ती जरूरी
आरोपी की पहचान रंजीत सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जोकि अमृतसर की शहीद ऊधमसिंह कॉलोनी का रहने वाला है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिनकर गुप्ता ने कहा कि आरोपी ने हेरोइन की तस्करी के लिए गाड़ी में विशेष इंतजाम कर रखा था। डीजीपी ने कहा कि सूचना के आधार पर सोनू को दबोचने के लिए एसएसपी अमृतसर (ग्रामीण) ने एएसपी मजीता अभिमन्यू राणा और डीएसपी डिटेक्टिव अमृतसर ग्रामीण गुरिंदर पाल नागरा की देखरेख में विशेष टीमों का गठन किया। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने सफलतापूर्वक अभियान चलाकर सोनू को इनोव गाड़ी के साथ धर दबोचा।
पुलिस ने गाड़ी के अंदर से 16.87 किलोग्राम वजह की हेरोइन के 16 पैकेट बरामद किये। शुरुआती पूछताछ में सोनू ने पुलिस को बताया कि उसने यह खेप जम्मू-कश्मीर के नौशेरा इलाके से रंजीत सिंह उर्फ राणा (जो फरीदकोट जेल में बंद है) और मलकीत सिंह उर्फ लड्डू ( जो श्री मुक्तसर साहिब जेल में बंद हैं।) के निर्देश पर उठाया था। डीजीपी ने बताया कि राणा इस रैकेट का सरगना था। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 164 दिनांक 25 अगस्त 2021 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 23/61/85 के तहत कठूनांगल अमृतसर ग्रामीण में दर्ज की गई है। गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने 5 जुलाई, 2021 को दक्षिण दिल्ली से चार अफगान नागरिकों को गिरफ्तार कर उनसे 90 करोड़ रुपए की 17 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर एक बड़ी दवा सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया था।












Click it and Unblock the Notifications