लखीमपुर हिंसा: भाजपाइयों के खिलाफ AAP का चंडीगढ़ में राजभवन पर प्रदर्शन, पुलिस ने चलाईं वाटर कैनन
चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसान संगठनों के प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के मंत्री के बेटे की कार द्वारा किसानों को कुचले जाने की घटना का विरोध हो रहा है। आज दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिंसा के मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ में राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान आप कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान भारी जमावाड़े की तस्वीरें सामने आई हैं। आप यहां देख सकते हैं कि वहां कैसे विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि, आप नेता और कार्यकर्ता एमएलए हॉस्टल में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार एकत्र हुए। वहीं, दूसरी ओर पंजाब मामलों के प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह, विधायक अमन अरोड़ा और यूथ विंग पंजाब की सह-प्रभारी अनमोल गगन मान की अगुवाई में नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक जत्था राजभवन के सामने पहुंच गया, जहां पुलिस द्वारा पहले से भारी नाकेबंदी की गई थी। ऐसे में जब आमने-सामने हुए तो टकराव हो गया। बताया जा रहा है कि, आप नेताओं ने राजभवन के पास लगाए नाके पर ही धरना दे दिया और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आगे बढ़ने की जद्दोजहद के दौरान आप नेताओं की पुलिस-प्रशासन के साथ काफी धक्कामुक्की हुई। वहीं, बाद जरनैल सिंह, अमन अरोड़ा, मास्टर बलदेव सिंह और अनमोल गगन मान समेत दर्जनों अन्य कार्यकर्ता और नेताओं को पुलिसकर्मी हिरासत में लेकर सेक्टर-3 के पुलिस थाने ले गए।
प्रदर्शन में शामिल जरनैल सिंह और अमन अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के राज्यपाल के जरिये मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार से यह सवाल पूछना चाहती है कि सत्ता के नशे में अंधे होकर किसानों को अपनी गाड़ियों के नीचे कुचलने वाले मंत्री के बेटे को यूपी पुलिस क्यों नहीं गिरफ्तार कर रही है। वहीं, इस दौरान चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल परिसर के दोनों गेट पर भारी बैरिकेडिंग कर पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन और पुलिस बल तैनात कर दिया। आरोप हैं कि, पुलिस जाब्ते ने आप के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को अंदर ही बंद कर दिया।














Click it and Unblock the Notifications