कौन हैं सत्येन्द्र कुमार मौर्य? चंदौली लोकसभा से BSP ने बनाया उम्मीदवार, बढ़ी BJP और सपा की मुश्किलें!
Lok Sabha Election 2024: वाराणसी से सटे चंदौली लोकसभा में इस बार चुनाव के दौरान लड़ाई काफी दिलचस्प होने वाली है। चंदौली में जहां भाजपा और सपा द्वारा पहले ही अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया था।
मंगलवार को बसपा ने अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सभी को चौंका दिया। चंदौली लोकसभा सीट पर एसपी और बीजेपी ने अगड़े नेताओं को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीएसपी ने इस सीट से पिछड़ी जाति के नेता को मैदान में उतारकर दोनों पार्टियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को इस सीट से सत्येन्द्र कुमार मौर्य को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस सीट पर यादवों के बाद मौर्य मतदाताओं की संख्या दूसरे नंबर पर है। ऐसे में जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए बसपा ने मौर्य जाति से उम्मीदवार उतारकर अपने वोट बैंक के साथ-साथ पिछड़ी जाति के वोटरों को भी अपने पक्ष में करने की कोशिश की है।
सत्येंद्र मूल रुप से वाराणसी के अजगरा विधानसभा के गोसाईपुर गांव के रहने वाले हैं और करीब बीस साल से अधिक समय से बहुजन समाज पार्टी से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि उनसे लंबे समय तक इंतजार और पार्टी के प्रति समर्पण को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने उन्हें चंदौली से चुनाव मैदान में उतारा है।
भाजपा ने तीसरी बार बनाया है महेंद्र पांडेय को प्रत्याशी
इसी पर भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी बार डा. महेंद्र नाथ पांडेय को प्रत्याशी बनाया है। महेंद्र नाथ पांडेय लगातार दो बार इस लोकसभा सीट से चुनाव जीते हैं। ऐसे में इस बार भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनके ऊपर भरोसा जताया गया।
हालांकि समाजवादी पार्टी द्वारा इस बार इस लोकसभा सीट पर सीट प्रत्याशी को बदल गया है। समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह को इस सीट से टिकट दिया है। वीरेंद्र सिंह को टिकट दिए जाने का विरोध भी समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव द्वारा किया जा रहा है।
सपा और बीजेपी द्वारा ठाकुर और ब्राह्मण जाति के उम्मीदवारों को मैदान में उतारने के बाद अब बहुजन समाज पार्टी ने इस सीट पर मौर्या जाति से उम्मीदवार उतारकर चंदौली लोकसभा का समीकरण बदल दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि सत्येन्द्र कुमार मौर्य बसपा वोट बैंक के साथ-साथ पिछड़ी जातियों को अपने पाले में करने में कितने सफल हो पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications