चंदौली: पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने कर दिया हमला, जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी
चंदौली जिले के कंदवा क्षाना क्षेत्र के कोदई गांव में मारपीट की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस टीम के ऊपर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चंदौली, 22 अगस्त: चंदौली जिले के कंदवा थाना अंतर्गत कोदई गांव में रविवार को रात्रि में मारपीट की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम को ही ग्रामीणों ने घेर लिया। बात बढ़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी अपनी जान बचाते हुए वहां से भागने लगे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को गंभीर तथा आधा दर्जन पुलिसकर्मियों को मामूली चोट आई। सूचना मिलने के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची, वहीं चंदौली एसपी अंकुर अग्रवाल भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किए।

बालक की मौत मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
चंदौली जिले के कंदवा थानांतर्गत कोदई गांव में पिछले सप्ताह एक बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृत बालक के परिजनों द्वारा गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ बेटे की हत्या कराने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। दर्ज मुकदमे में पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही थी। आरोप है कि रविवार को सायं काल मृत बच्चे के परिजन और आरोपियों के विरुद्ध कहासुनी होने लगी। कहासुनी होने के बाद मारपीट की नौबत आ गई।

112 नंबर पर डायल कर दिए सूचना
दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी तो वहीं से मौजूद किसी व्यक्ति ने 112 नंबर डालकर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद चंदवा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाया जा रहा था, उसी दौरान वहां मौजूद कोई शख्स पुलिसकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। देखते ही देखते ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों द्वारा एकाएक हमला किए जाने के बाद पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे। इस दौरान ईट पत्थर चलने के चलते जहां आधा दर्जन पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए वहीं घायल हुए एक पुलिसकर्मी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
15 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस बारे में एसपी चंदौली अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी वहां मौजूद लोगों ने प्रभारी निरीक्षक कंदवा और पुलिस टीम के ऊपर भी हमला किया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर 15 नामजद व 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम के साथ मारपीट करने वाले कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा जगह-जगह दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications