UP News: गोड़टुटवा गांव में पलटी ट्रॉली, दो मजदूरों की मौत, कई लोगों के हाथ-पैर टूटे, 12 घायल
UP News: चंदौली जनपद में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। चंदौली जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र में मजदूरों से लदी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। पलटने के चलते उसमें 14 मजदूर दब गए। आसपास के लोग जब तक दबे लोगों को बाहर निकलते तब तक दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
वहीं इस हादसे में घायल 12 मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती मजदूर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद चकिया विधायक कैलाश आचार्य समेत अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाने।

बताया जा रहा है कि नौगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले कुछ मजदूर औरवाटाड़ मार्ग जंगल में वन विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्य को करने के लिए गए थे। काम करने के बाद सोमवार शाम दो दर्जन मजदूरों को लेकर ट्रैक्टर ट्राली से ट्रैक्टर चालक वापस लौट रहा था।
मजदूरों को लेकर ट्रैक्टर चालक नौगढ़ चकिया मार्ग पर स्थित गोड़टूटवा गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। ट्रैक्टर ट्राली पलटने के चलते उसमें सवार 50 वर्षीय बसंत कौल निवासी जनसोती और 22 वर्षीय अजय कोल निवासी हिनौत की मौत हो गई।
उपरोक्त दोनों मृतकों के अलावा रामदेव, शिव प्रसाद, हीरालाल, धर्मेंद्र, राम प्रकाश, श्याम छब्बी, छोटू, गोविंद, आतिश सहित कुल 12 लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों द्वारा बताया गया कि ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चल रहा था जिसके चलते यह हादसा हुआ है।
वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृत मजदूर के परिवार के लोग भी पहुंच गए। मजदूर के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा ही मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण किया जाता था। ऐसे में परिवार की मुखिया की मौत हो जाने के बाद दोनों मृतकों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications