UP: पंचायत भवन में रखा इनवर्टर, कंप्यूटर और प्रिंटर अपने घर ले गया ग्राम प्रधान, सचिव ने दर्ज कराया मुकदमा
UP Chandauli News: चंदौली जिले में ग्राम प्रधान पर सरकारी मद से पंचायत भवन पर लगे उपकरण अपने घर ले जाने का आरोप लगाते हुए सचिव ने प्रधान के खिलाफ धानापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
UP Chandauli News: सरकार द्वारा गांव में ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लेकिन कई गांव में ग्राम प्रधान द्वारा इन योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा है। ग्राम प्रधान सरकारी संपत्ति को भी अपने घर पर ही रख ले रहे हैं।
ऐसा ही एक ताजा मामला उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद से आया है। चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के धरांव गांव के ग्राम प्रधान के ऊपर पंचायत सचिव द्वारा दानापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पंचायत सचिव और संबंधित अधिकारियों द्वारा आरोप लगाया गया कि ग्राम सभा में पंचायत भवन पर लगवाए गए इनवर्टर, कंप्यूटर, बैटरी, प्रिंटर, टेबल सहित अन्य उपकरणों को ग्राम प्रधान अपने घर उठा ले गया। कई बार सूचित करने के बाद भी वह सामानों को वापस नहीं किया।
दरअसल, योगी सरकार द्वारा ग्रामीणों की सुविधा और एक ही छत के नीचे सभी प्रकार के प्रमाण पत्र गांव में ही जारी किए जाने के लिए यूपी में ग्राम पंचायत स्तर पर भवन में सभी प्रकार के उपकरण लगवाए गए हैं। खंड विकास अधिकारी का कहना है कि इसी कड़ी में धराव गांव में बने पंचायत भवन में सभी उपकरण लगाए गए थे।
उपकरण लगाए जाने के बाद वहां पर कार्य प्रारंभ किए जाते उससे पहले ही ग्राम प्रधान साहेब यादव लगाए गए सभी उपकरणों को अपने घर उठा ले गया। पंचायत सचिव त्रिलोकी को जब इसके बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने प्रधान से बातचीत की लेकिन प्रधान उन सामानों को वापस नहीं किया।
उसके बाद सचिव द्वारा बीडीओ और अन्य अधिकारियों को इसके बारे में सूचना दी गई। खंड विकास अधिकारी और डीपीआरओ की तरफ से प्रधान को सामान वापस करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। नोटिस जारी करने के बाद भी ग्राम प्रधान द्वारा सरकारी सामानों को वापस नहीं किया गया।
उसके बाद जिला प्रशासन द्वारा ग्राम प्रधान के खिलाफ सख्ती बरतने का फैसला किया गया और पंचायत सचिव को ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया इसी कड़ी में पंचायत सचिव त्रिलोकी द्वारा धानापुर थाने में ग्राम प्रधान के खिलाफ सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का तहरीर दिया गया।
तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। धानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह द्वारा मीडिया को बताया गया कि इस मामले पंचायत सचिव द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद प्रधान की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी वह फरार है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications