Chandauli News: छिपकली मरते ही कई गांवों में गुल हुई बिजली, लोगों ने पूछा- 'ऐसा कैसे हुआ'
चंदौली जिले के चंदासी में स्थित उप केंद्र के फीडर 3 और 6 के पैनल में रविवार को एक छिपकली प्रवेश कर गई। शॉर्ट सर्किट के चलते छिपकली की मौत हो गई और कई गांव की बत्ती भी गुल हो गई।

Chandauli जिले से रविवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। चंदौली के चंदासी में स्थित विद्युत उप केंद्र पर एक छिपकली के चलते जिले के कई गांव में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। इस मामले को सुनने वाले भी हैरान रह गए। हालांकि पूरा मामला जानने के बाद लोगों को इस बात पर यकीन हो गया। इस दौरान करीब सवा घंटे तक कई गांव की बिजली सप्लाई बाधित रही।

पैनल में फंसकर मर गई छिपकली
दरअसल चंदौली जिले के चंदासी में स्थित उप केंद्र के फीडर संख्या 3 और फीडर संख्या 6 की बिजली सप्लाई रविवार को दोपहर करीब 2 बजे एकाएक ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद उप केंद्र पर मौजूद विद्युत कर्मी तत्काल खराबी को ढूंढने में लग गए। करीब 10 मिनट तक जांच पड़ताल की गई लेकिन जानकारी नहीं मिली। बाद में गहनता से जांच करने पर पता चला कि पैनल में छिपकली प्रवेश कर गई जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हो गया और आपूर्ति बाधित हो गई। छिपकली देखने के बाद मौजूद विद्युत कर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी और ट्रांसफार्मर में की जा रही आपूर्ति को बंद कराया गया।
शॉर्ट सर्किट से छिपकली की हो गई थी मौत
ट्रांसफार्मर की आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद विद्युत कर्मियों ने फाइनल में जलकर मरी हुई छिपकली के अवशेष को बाहर निकाला। उसके बाद करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए विद्युत कर्मियों द्वारा पैनल की मरम्मत की गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद ग्रामीणों द्वारा उप केंद्र पर लगातार फोन किए जाने लगे। उपकेंद्र पर मौजूद विद्युत कर्मी द्वारा जब ग्रामीणों को बताया गया कि छिपकली के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है उसे दुरुस्त किया जा रहा है, तो ग्रामीण भी आश्चर्य में पड़ गए। ग्रामीणों द्वारा भी पूछा गया कि एक छिपकली के चलते कैसे विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है।
सवा घंटे बाद विद्युत आपूर्ति हुई बहाल
उप केंद्र के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि छिपकली पैनल में प्रवेश कर गई थी जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हो गया था। पैनल को दुरुस्त करने के बाद विद्युत आपूर्ति प्रारंभ कर ट्रायल किया गया उसके बाद सब सामान्य होने पर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि करीब सवा घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं लोगों ने यह भी कहा कि विद्युत कर्मियों द्वारा किया जा रहा कार्य बहिष्कार यदि जारी रहता तो रविवार को आई हुई यह खराबी दूर नहीं होती और ग्रामीणों को काफी परेशान होना पड़ता।












Click it and Unblock the Notifications