थोक महंगाई की दर में हल्की गिरावट, जून में 12.07 फीसदी पर रही
थोक महंगाई की दर में हल्की गिरावट, जून में 12.07 फीसदी पर रही
नई दिल्ली, 14 जुलाई: थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति (डब्ल्यूपीआई) जून 2021 में 12.07 फीसदी पर रही है। कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिनिस्ट्री की ओर से बुधवार को थोक महंगाई दर के आंकड़े जारी किए गए हैं। थोक महंगाई दर बीते महीने यानी मई 2021 में 12.94 फीसदी थी। ऐसे में जून में थोक महंगाई दर मई के मुकाबले 0.87 फीसदी घटी है।

थोक महंगाई दर मई में रिकॉर्ड 12.94 फीसदी पर पहुंच गई थी। लगातार पांच महीनों की तेजी के बाद थोक महंगाई में हल्की कमी देखने को मिली है। कच्चे तेल और खाद्य पदार्थों की कीमतों में नरमी को इस कमी की वजह माना जा रहा है। हालांकि ये अभी भी 12 फीसदी के ऊपर बनी हुई है।
कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिनिस्ट्री ने कहा है कि मुद्रास्फीति की वार्षिक दर इस साल जून में 12.07 प्रतिशत पर रही है, जो जून 2020 में 1.81 प्रतिशत थी। कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मुताबिक जून में थोक महंगाई दर 12 फीसदी से ज्यादा रहने की वजह मिनरल ऑयल, पेट्रोल, डीजल, जेट फ्यूल के दाम बढ़ना है। सालाना आधार पर फ्यूल और पावर सबसे ज्यादा 32.83 फीसदी महंगे हुए हैं। वहीं मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स 10.88 फीसदी महंगे हो गए हैं।
खुदरा महंगाई भी कम हुई
इससे पहले सोमवार को केंद्र सरकार ने खुदरा महंगाई के आंकड़े जारी किए हैं। जून में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) से मापी जानी वाली देश की खुदरा मुद्रास्फीति दर मामूली गिरावट के साथ 6.26 प्रतिशत पर दर्ज की गई है। इससे पहले मई में 6.30 प्रतिशत पर थी।












Click it and Unblock the Notifications