Jio Air Fibre: क्या है ये जियो एयर फाइबर, कितने का है प्लान, किसे होगा फायदा
Jio Air Fibre: जिन लोगों को जियो एयर फाइबर का इंतजार था, उनके लिए रिलायंस एजीएम की बैठक में बड़ा ऐलान किया गया है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि पूरे देश में 19 सितंबर से जियो एयर फाइबर सेवा की शुरुआत की जाएगी। रिलायंस की एजीएम बैठक में इसका ऐलान कर दिया गया है।
शुरुआती प्लान
जियो एयर फाइबर के प्लान की बात करें तो फिलहाल इसकी अभी प्री बुकिंग शुरू नहीं हुई है। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार इसके लिए आपको 6000 रुपए की राशि का भुगतान करना पड़ेगा। यह राशि 6 महीने के लिए होगी। यानि 6 महीने तक आपको किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा। इस राशि में आपको जियो एयर फाइबर डिवाइस भी मिलेगी

कितने का प्लान
इसके बाद हर महीने आपको तकरीबन 1000 रुपए का भुगतान करना पड़ेगा। दरअसल शुरुआती प्लान 700 रुपए का है जोकि टैक्स वगैरह मिलाकर 1000 रुपए तक पहुंच जाएगा। इस सेवा में आपको अनिमिटेड डेटा की सुविधा मिलेगी।
गांव में भी पहुंचेगा ब्रॉडबैंड
जिन लोगों के घर पर ब्रॉडबैंड के तार नहीं आए हैं, वो ऐसे इलाके में रहते हैं जहां ब्रॉडबैंड नहीं है वो लोग भी जियो एयर फाइबर के जरिए ब्रॉडबैंड की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। यानि अब आप गांव में भी इसकी सुविधा उठा सकते हैं। इस योजना के तहत आपको एक सिस्टम मिलेगा, जिसे आपको प्लग में लगाकर ऑन करना होगा। जिसके बाद आप सुपर फास्ट इंटरनेट की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
पूरे देश में मिलेगी सुविधा
जियो एयर फाइबर का ऐलान करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि इसे गणेश चतुर्थी के मौके पर 19 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। जियो एयर फाइबर हमारे पैन इंडिया 5जी नेटवर्क का इस्तेमाल करता है। यह एडवांस वायरलेस तकनीक है। इसके जरिए देश के हर कोने में इंटरनेट की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है। बता दें कि जियो फाइबर के फिलहाल एक करोड़ ग्राहक हैं।
हर रोज 1.5 लाख कनेक्शन देने की क्षमता
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो ऑप्टिकल फाइबर इंफ्रास्ट्रक्चर भारत में 1.5 मिलियन किलोमीटर तक फैला है। हम देश के 200 मिलियन घरों में पहुंच चुके हैं। बावजूद इसके तार के जरिए इंटरनेट की सुविधा पहुंचाना काफी मुश्किलभरा है। जिसकी वजह से लाखों लोग होम ब्रॉडबैंड की सुविधा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों के लिए जियो एयर फाइबर वरदान साबित होगा। इसके जरिए हम 1.5 लाख कनेक्शन हर रोज दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications