Bitcoin से टेस्ला को जून तिमाही में 1.7 अरब का घाटा, कंपनी के पास कितनी है डिजिटल संपत्ति?
नई दिल्ली, 27 जुलाई। बिटकॉइन के साथ जुड़ने और अलग होने को लेकर चर्चा में रही दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला के पास अभी 1.3 अरब डॉलर मूल्य के बिटकॉइन मौजूद हैं। सोमवार को जारी टेस्ला की जून तिमाही की आय से इसकी जानकारी सामने आई है। इससे यह समझा जा सकता है कि टेस्ला ने हालिया समय में बिटकॉइन को लेकर अपनी स्थिति कम की है।

अपनी रिपोर्ट में टेस्ला ने यह भी बताया है कि उसे तिमाही आय में बिटकॉइन संबंधी 2.3 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है।
बिटकॉइन में बड़ा निवेश
बिटकॉइन के बड़े समर्थक रहे टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने फरवरी में घोषणा की थी कि कंपनी ने बिटकॉइन में 1.5 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसके कुछ समय बाद ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि कंपनी टेस्ला कार के भुगतान के लिए बिटकॉइन पेमेंट स्वीकार करेगी। मस्क की इन घोषणाओं के बाद निवेशकों के डिजिटल टोकन में भरोसा बढ़ा था और इसने भारी उछाल देखा था।
बाद में मार्च तिमाही की रिपोर्ट में टेस्ला ने बताया था कि उसने अपनी 10 प्रतिशत की बिटकॉइन हिस्सेदारी बेच दी थी। इसके कुछ समय बाद ही मई में कंपनी ने डिजिटल करेंसी के खनन के दौरान ऊर्जा खर्च से जुड़ी पर्यावरणीय चिंताओं को हवाला देते हुए बिटकॉइन पेमेंट को स्वीकार करना बंद कर दिया था। इसके बाद से बिटकॉइन ने गिरावट देखनी शुरू की और अभी तक संघर्ष कर रही है।
फिर शुरू हो सकता है बिटकॉइन पेमेंट
इस बीच मस्क ने हाल ही में खुलासा किया कि पर्यावरण पर इसकी स्थिति ठीक होते ही टेस्ला एक बार फिर से बिटकॉइन को स्वीकार करना शुरू कर देगी। मस्क ने कहा कि बिटकॉइन माइनिंग में अक्षय ऊर्जा का प्रतिशत 50 से अधिक बढ़ता है तो बिटकॉइन पेमेंट को फिर से शुरू किया जा सकता है।
इस महीने की शुरुआत में जारी बिटकॉइन माइनिंग काउंसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार जून तिमाही के दौरान वैश्विक बिटकॉइन माइनिंग उद्योग का स्थायी बिजली मिश्रण दोगुना से अधिक बढ़कर लगभग 56 प्रतिशत हो गया है। पिछली मार्च तिमाही में बिटकॉइन माइनिंग में ग्रीन एनर्जी की हिस्सेदारी 36.8 प्रतिशत थी।
सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक इलेक्ट्रिक कारों की रिकॉर्ड डिलीवरी के चलते टेस्ला को 1.1 अरब डॉलर की कमाई हुई है। एक साल पहले इसी तिमाही में यह सिर्फ 10.4 करोड़ डॉलर थी।












Click it and Unblock the Notifications