IT सेक्टर से एक और बुरी खबर, 3000 कर्मचारियों को निकालेगी ये दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी
IBM के बाद अब दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी SAP ने छंटनी का ऐलान किया है। वो अपने 3000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी।

साल 2022 में कई बड़ी कंपनियों ने बड़े पैमाने पर छंटनी की। नए साल में प्राइवेट नौकरी करने वाले लोगों को कुछ अच्छा होने की उम्मीद थी, लेकिन पहले महीने में ही कई बुरी खबरें सामने आईं। अब दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी SAP ने छंटनी का ऐलान किया है। जिससे कई देशों के लोग प्रभावित होंगे।
जर्मन सॉफ्टवेयर दिग्गज SAP ने गुरुवार को 3000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की। ये कंपनी क्लाउड-आधारित कंप्यूटिंग सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी के मुताबिक उसने अपने मेन बिजनेस को मजबूत करने के लिए ये कठोर फैसला लिया है। वहीं 2022 के नतीजों का खुलासा करते हुए कंपनी ने बताया कि इस नए फैसले से उसके करीब 2.5 प्रतिशत कर्मचारियों के प्रभावित होने की उम्मीद है। मौजूदा वक्त में उसके पास 1.20 लाख कर्मचारी हैं। ऐसे में करीब 3000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा।
SAP ने कहा कि उसकी इस छंटनी से कंपनी को 2023 की पहली तिमाही में करीब 250-300 मिलियन यूरो का नुकसान होगा। इसके बाद 2024 में 300-350 मिलियन यूरो की वार्षिक बचत की योजना है, जो रणनीतिक विकास क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने में मदद करेगा।
IBM में भी छंटनी
वहीं दूसरी ओर अमेरिकी बहुराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम (IBM) में छंटनी शुरू हो गई। अभी कंपनी 3900 लोगों को नौकरी से निकाल रही है। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि एनुअल कैश टारगेट को हासिल करने में विफल रहने के बाद ये फैसला लिया गया है। कंपनी अभी भी क्लाइंट-फेसिंग रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए काम पर रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
गूगल से 12 हजार कर्मी बाहर
वहीं दुनिया की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक गूगल में भी छंटनी का दौर जारी है। कंपनी ने अब 12 हजार कर्मचारियों को निकालने का फैसला लिया है। कंपनी लॉर्ज स्केल रीस्ट्रक्चरिंग के तहत इन कर्मचारियों को निकाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications