बाजार में भारी बिकवाली का दबाव जारी, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी गिरावट
मुंबई, 06 मई। शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली है। जिस तरह से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने रेपो रेट में बढ़ोत्तरी की उसके बाद से बाजार में लगातार बिकवाली का दौर जारी है। आज बाजार में खुलते ही तकरीबन 1000 अंक नीचे गिकरकर 54721 तक पहुंच गया। बैंक, पॉवर, मैन्युफैक्चरिंग सहित लगभग सभी सेक्टर में आज भारी गिरावट देखने को मिली। बाजार जब खुला तो सेंसेक्स 750 अंक नीचे खुला जबकि निफ्टी 16450 अंक के नीचे खिला। बजाज, एचसीएल में 3 फीसदी से अधिक की गिरावट देखने को मिली। प्रीओपन सेशन में सेंसेक्स 990 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी 16400 के नीचे चला गया। फिलहाल 9.40 बजे की बात करें तो सेंसेक्स 55052 अंक पर ट्रेड कर रहा है जबकि निफ्टी 16464 अंकों पर ट्रेड कर रहा है।

दरअसल जिस तरह से रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर शक्तिकांत दास ने अचानक से 5 मई को ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी की उसके बाद बाजार धड़ाम हो गया। निवेशकों को कतई इस बात का अंदाजा नहीं था कि आरबीआई एकदम से ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी कर देगा। ऐसे में आरबीआई के इस फैसले के बाद बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली और निवेशक बाजार के मूड को लेकर अलर्ट हो गए हैं।
जिस तरह से लगातार महंगाई बढ़ रही है और तमाम उत्पादों के दाम बढ़ रहे हैं, उसके बाद सरकार और रिजर्व बैंक पर इसे नियंत्रित करने का भारी दबाव है। ऐसे में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पास महंगाई को कम करने के लिए सबसे अहम हथियार ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी करना होता है, जिससे बाजार में लिक्विडिटी को कम किया जा सके और लोगों की खरीदने की क्षमता को नीचे लाया जा सके। लेकिन लिक्विडिटी में कमी से विकास दर पर इसका सीधा असर होता है, जिसके चलते निवेशकों में भविष्य को लेकर साफ चिंता देखने को मिली और इसका असर शेयर बाजार पर पिछले दो दिनों से देखने को मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications