लगातार 13वें दिन पेट्रोल-डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी, जानिए क्या हैं आज के दाम
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी कम होने का नाम नहीं ले रही है। आज एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की गई है। तेल की कीमतों में लगातार 13वें दिन आज बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल के दाम में 56 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि डीजल के दाम में 63 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 78.37 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं, जबकि डीजल के दाम 77.06 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।

इससे पहले गुरुवार को पेट्रोल के दाम में 53 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 64 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। गुरुवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 77.81 रुपए प्रति लीटर, जबकि डीजल के दाम 76.43 रुपए प्रति लीटर हो गए थे। बुधवार को पेट्रोल के दाम में 55 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम में 69 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। बता दें कि हर रोज हो रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपील की थी कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को ना बढ़ाया जाए।
पत्र में सोनिया गांधी ने लिखा है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत को स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था, सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। मैं इस बात को लेकर बहुत चिंतित हूं कि मार्च माह से यह समस्या बरकरार है, ऐसे में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का असंवेदनशील फैसला लिया है, जोकि एक बार नहीं कई बार बढ़ाया गया। आपकी सरकार 260000 करोड़ रुपए का राजस्व हासिल करना चाहती है, लेकिन आपको यह गलत सुझाव दिया गया है कि पेट्रोल और डीजल की एक्साइज ड्यूटी को बढ़ाया जाए। मुझे इस बात में कोई तर्क नहीं दिखता है कि सरकार इस तरह के सुझाव पर विचार भी करे जब देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से कोरोना के चलते लड़खड़ाई हुई है। लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं, लोगों के पास खाने को नहीं है, व्यापार, उद्योग-धंधे भारी मंदी के दौर से गुजर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications