आधार धारकों को मोदी सरकार देगी एक लाख कैश, जानें वायरल मैसेज की सच्चाई
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई मैसेज वायरल होता रहता है। इनमें कोई मैसेज सही होता है, तो कोई गलत होता है। आजकल भी आधार को लेकर एक ऐसा मैसेज वायरल हो रहा है, जिससे लोगों के मन में यह सवाल खड़ा होने लगा है कि क्या यह सही है? आइए जानते हैं इस मैसेज की सच्चाई।

क्या है वायरल हो रहा मैसेज?
वायरल हो रहे मैसेज में लिखा है- मोदी ने 15 अगस्त को एक नई स्कीम जारी की है। इसमें आधार कार्ड रखने वालों को 3 लाख रुपए का फायदा सरकार दे रही है। 1 लाख नकद भी। 2 लाख का बीमा भी। जल्दी-जल्दी बनवा लो। आधार की वेबसाइट पर सब दिया है। 1 लाख तुरंत मिलेगा। प्रधानमंत्री हो तो ऐसा हो।

क्या है मैसेज का सच?
वायरल मैसेज में दावा था कि यह स्कीम पीएम मोदी ने जारी की है, इसलिए सबसे पहले पीएमओ की आधिकारिक वेबसाइट की छानबीन की गई, लेकिन वहां पर ऐसा कोई नोटिफिकेशन नहीं मिला। वहीं मैसेज में दूसरी बात आधार कार्ड को लेकर कही गई थी, इसलिए दूसरे चरण में यूआईडीएआई (The Unique Identification Authority of India) की वेबसाइट चेक की गई, लेकिन वहां पर भी ऐसा कुछ नहीं मिला।

इन्होंने लगाई झूठ पर मुहर
यूआईडीएआई के डीडीजी वाई एल राव ने वायरल हो रहे इस मैसेज के झूठा होने पर मुहर भी लगा दी। उन्होंने यह साफ किया कि 15 अगस्त को पीएम मोदी द्वारा ऐसी किसी भी योजना की शुरुआत नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की किसी योजना को शुरू करने का कोई ऐलान भी नहीं किया गया है। राव के मुताबिक वायरल हो रहा यह मैसेज पूरी तरह से झूठा है। आप भी इस मैसेज के झांसे में न आएं।












Click it and Unblock the Notifications