कब मिलेगी टमाटर सहित महंगी सब्जियों से राहत? RBI गवर्नर ने दिया जवाब
देशभर की जनता महंगाई से परेशान है। टमाटर के दाम तो आसमान छू रहे, जहां देश के कुछ इलाकों में इसकी कीमतें 200-300 रुपये प्रति किलो हैं। इसके अलावा अन्य सब्जियां भी काफी महंगी हैं। इसको लेकर अब भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास का बयान सामने आया है।
दास ने कहा कि सब्जियों की कीमतों में जल्द कमी आने वाली है। सकल मुद्रास्फीति जून में बढ़ी। अब सब्जियों की कीमतों के कारण जुलाई और अगस्त में भी बढ़ने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में सब्जियों और चावल की कीमतों के कारण सकल मुद्रास्फीति बढ़ेगी, लेकिन आने वाले महीनों में ये कम हो जाएगी।

उन्होंने ये भी कहा कि महंगी सब्जियों ने पॉलिसी मेकर्स की भी चिंता बढ़ा दी है, लेकिन जल्द ही उसमें राहत मिलेगी। वहीं आरबीआई गवर्नर ने वित्तवर्ष 2024 के लिए खुदरा महंगाई दर 5.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया है, जबकि इससे पहले का अनुमान 5.1 फीसदी था।
Repo Rate से मिली राहत
वहीं गुरुवार को आरबीआई गवर्नर ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के नतीजों का ऐलान किया। जिसके तहत रेपो रेट को यथावत रखने का फैसला लिया गया है। ये अभी 6.5 प्रतिशत ही रहेगी। इसका सीधा असर जनता पर पड़ेगा, क्योंकि इससे होम लोन या अन्य तरह के लोन की EMI नहीं बढ़ेगी।
केंद्र ने दिया था भरोसा
हाल ही में केंद्र सरकार ने भी टमाटर की कीमतें कम होने का भरोसा जनता को दिलाया था। केंद्र के मुताबिक प्रमुख टमाटर उत्पादक राज्यों में इसका उत्पादन जुलाई के 2,23,000 मीट्रिक टन से बढ़कर अगस्त में 5,44,000 मीट्रिक टन तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही इसकी कीमतों में गिरावट आएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
क्यों महंगा हुआ टमाटर?
दरअसल जिन राज्यों में टमाटर का उत्पादन ज्यादा होता है, वहां पर मौसम की वजह से काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा वायरस के अटैक से भी फसल काफी खराब हुई। ऐसे में मार्केट में अच्छे टमाटर नहीं आ रहे और दाम आसमान छू रहे।












Click it and Unblock the Notifications