Parle-G ने भी दिया महंगाई का झटका, सबका पसंदीदा बिस्कुट अब हुआ इतना महंगा
नई दिल्ली, 24 नवंबर। लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की कमर टूट रही है, इस बीच भारत का लोकप्रिय बिस्कुट 'पारले जी' की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। पारले प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने आम आदमी का बिस्कुट कहे जाने वाले 'पारले-जी' की कीमतों में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। बीते मंगलवार कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि बिस्कुट बनाने के लिए जरूरी सामान के बढ़े दाम की वजह से 'पारले-जी' प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया गया है।

महंगा हो गया पारले जी
पारले प्रोडक्ट्स के सीनियर कैटेगरी हेड मयंक शाह के मुताबिक अभी भी कीमतों के आकर्षक स्तर पर बनाए रखने की पूरी कोशिश की गई हैं, हालांकि इसके लिए पैकेट के 'ग्राम' में थोड़ी कटौती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चीनी, गेहूं और खाद्य तेल जैसे कच्चे माल की कीमतों में तेजी के चलते कंपनी को अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़े हैं। लोकप्रिय पारले जी ग्लूकोज बिस्कुट की कीमतों में 6 से 7 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

महंगाई के चलते कंपनियों पर भी दबाव
वहीं कंपनी ने रस्क और केक खंड की कीमतों में 5 से 10 फसीदी तक बढ़ोतरी की है। बता दें कि हाइड एंड सीक और क्रैकजैक भी पारले का ही लोकप्रिय ब्रांड हैं, उनके उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। मयंक शाह ने बताया कि कंपनी ने 20 रुपए या उससे अधिक मूल्य वाले बिस्कुट और दूसरे उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं। उन्होंने ने कहा, कंपनी ने यह फैसला उत्पादन लागत पर लगातार बढ़ते मुद्रास्फीति के दबाव विचार के बाद लिया है।

इस तिमाही पहली बार बढ़े दाम
मयंक शाह ने आगे कहा, ज्यादातर कंपनियां मुद्रास्फीति के दबाव का सामना कर रही हैं, इसकी वजह कच्चे माल जैसे खाद्य तेल की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 50-60 फीसदी की बढ़ोतरी है। बता दें कि इस वित्त वर्ष ये पहली बार है जब कंपनी ने उत्पादों के दाम बढ़ाए हैं, इससे पहले इससे पहले जनवरी-मार्च 2021 तिमाही में कंपनी ने कीमतों में बढ़ोतरी की थी लेकिन वह वित्त वर्ष 2020-2021 में की थी।

कोरोना काल में हुई थी रिकॉर्ड बिक्री
कोरोना वायरस महामारी के चलते लगाए गए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में कई कंपनियों की हालत पतली हो गई लेकिन, 82 साल से देश में सामान्य लोगों के लिए सबसे पसंदीदा बिस्किट पारले-जी ने इस दौरान बिक्री का अपना सारा रिकॉर्ड तोड़ दिया। लॉकडाउन के दौरान पारले-जी ब्रांड की बिस्किट की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है। लोगों ने घरों में बंद रहकर भी इसे दबाकर खाया है और कई लोगों ने इसी के सहारे पूरा लॉकडाउन गुजार दिया।
यह भी पढ़ें: 'TRP घोटाले' के बाद इन न्यूज चैनलों को विज्ञापन नहीं देगा पारले, ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #ParleG












Click it and Unblock the Notifications