गूगल के पिक्सल 2 ब्लूटूथ हेडफोन से नहीं ले रहा कमांड, पिक्सल 2 XL की स्क्रीन में आई बड़ी दिक्कत
नई दिल्ली। कई दिनों से यह गूगल के फोन पिक्सल 2 XL को लेकर शिकायतें आ रही थीं और अब पिक्सल 2 को लेकर भी शिकायतें आने लगी हैं। गूगल का पिक्सल 2 मोबाइल इस्तेमाल करने वाले कई यूजर्स ने शिकायत की है कि वह ब्लूटूथ हेडफोन के जरिए कमांड नहीं ले रहा है। ब्लूटूथ के जरिए पिक्सल 2 आवाज डिटेक्ट नहीं कर पा रहा है, जिससे ग्राहक अपने को काफी ठगा सा महसूस कर रहे हैं। जब भी ग्राहक ब्लूटूथ हेडफोन के जरिए गूगल के असिस्टेंट 'OK Google' से जुड़ना चाह रहे हैं तो वह असफल हो जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, अगर वह हेडफोन निकाल कर सीधे मोबाइल के जरिए कमांड दे रहे हैं तो आसानी से गूगल के असिस्टेंट से जुड़ जा रहे हैं।

गूगल पिक्सल 2 XL में भी दिक्कत
गूगल के पिक्सल 2 XL मोबाइल में भी कई दिक्कतें आ रही हैं। ग्राहकों की शिकायत है कि इस फोन की स्क्रीन में गड़बड़ी देखने को मिल रही है। कई ग्राहकों को स्क्रीन के किनारों पर टच रेस्पॉन्स में दिक्कत आ रही है। यह एक सॉफ्टवेयर की दिक्कत है और गूगल इस समस्या को सही करने पर भी काम कर रहा है।

आईफोन X को देता है टक्कर
गूगल के पिक्सल 2 और पिक्सल 2 XL आईफोन X को टक्कर देते हैं। लेकिन पिक्सल 2 और पिक्सल 2 XL में आ रही दिक्कतों की वजह से वह आईफोन X को टक्कर भी नहीं दे पा रहा है और अगर ऐसा ही रहा तो पिक्सल 2 और पिक्सल 2 XL के मौजूदा ग्राहक भी आईफोन की ओर स्विच हो सकते हैं।

क्यों उठ रहे हैं सवाल?
दरअसल, इन मोबाइल फोन पर इतने सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि यह फोन बेहद ही महंगे हैं और इनके शानदार फीचर्स की बदौलत ही लोगों ने इन्हें खरीदा है। जब लोगों को सुविधा नहीं मिल रही है तो वह शिकायत कर रहे हैं। गूगल पिक्सल 2 की कीमत करीब 61,000 रुपए है, जबकि गूगल पिक्सल 2 XL की कीमत करीब 73,000 है। वहीं आईफोन X की कीमत करीब 88,000 रुपए है।












Click it and Unblock the Notifications