नितिन गडकरी ने टेस्ला को भारत में प्रोडक्शन शुरू करने का किया आग्रह
नई दिल्ली, अप्रैल 16। अमेरिकी कार निर्माता कंपनी टेस्ला बहुत जल्द भारत में अपना प्रोडक्शन शुरू कर सकती है। दरअसल, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने टेस्ला कंपनी से भारत में अपना प्रोडक्शन शुरू करने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री ने टेस्ला को आश्वासन दिया है कि भारत अगले 2 साल में इलेक्ट्रिक वाहन बनाने में पूरी तरह सक्षम हो जाएगा। आपको बता दें कि नितिन गडकरी गुरुवार को रायसीना डायलॉग 2021 में बोल रहे थे, जहां उन्होंने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में भारत की प्रगति, ईवी बैटरी निर्माण, वाहन परिमार्जन नीति जैसे कई सवालों के जवाब दिए।

टेस्ला के लिए भारतीय बाजार अच्छा है- नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने कहा, 'मैं उन्हें (टेस्ला को) सुझाव देना चाहूंगा कि यह अच्छा मौका है। टेस्ला वैसे भी भारतीय मैन्यूफैक्चरर्स से बड़ी संख्या में कंपोनेंट लेती है। ऐसे में यहां इनकी उपलब्धता की कोई कमी नहीं होगी। दूसरी ओर, भारतीय बाजार भी टेस्ला के लिए अच्छा है।' नितिन गडकरी ने कहा कि उन्होंने टेस्ला कंपनी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की थी और उन्हें सुझाव दिया था कि भारत में प्रोडक्शन शुरू करना उनके लिए एक सुनहरा मौका है।
भारत से निर्यात भी कर सकेगी टेस्ला- नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने टेस्ला को भरोसा दिलाया है कि वो भारत में बहुत जल्द अपने वेंडर्स को खड़ा कर सकेगा और देश के बाहर भी वाहनों का निर्यात कर सकेगा। गडकरी ने यह भी सुझाव दिया कि टेस्ला को जल्द ही भारत में ऑपरेशन शुरू कर देना चाहिए, अन्यथा भारत में सक्रिय अन्य ईवी निर्माता जल्द ही टेस्ला के मानक की कारों का निर्माण करने में सक्षम होंगे। गडकरी ने कहा कि हर दिन भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रोडक्शन में सुधार हो रहा है और अगले 2 साल में भारतीय बाजार पूरी तरह से इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने में सक्षम हो जाएगा, इसलिए टेस्ला के हित में मेरा यही सुझाव है कि कंपनी को अब जल्द से जल्द निर्माण शुरू कर देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications