100 Rupees Note: बहुत जल्द आपकी जेब में होगा 100 का नया नोट, भारत सरकार 2018 में देगी नई सौगात
Recommended Video

नई दिल्ली। नोटबंदी के बाद से ही बाजार में एक के बाद एक नए नोट जारी हो रहे हैं। 500, 2000, 200 और 50 रुपए का नया नोट जारी करने के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक 100 रुपए का नया नोट जारी करने वाला है। केन्द्रीय बैंक के सूत्रों से यह पता चला है कि इस नोट की छपाई अगले साल अप्रैल से शुरू की जा सकती है। दरअसल, अभी सरकार का पूरा फोकस 200 रुपए के नोटों की छपाई पर है। यह छपाई तब शुरू होगी, जब 200 के नोटों की छपाई बंद हो जाएगी। अभी यह माना जा रहा है कि यह छपाई अगले साल मार्च तक यानी वित्त वर्ष के समाप्त होने तक खत्म हो जाएगी। इसके बाद सरकार 100 रुपए के नोटों की छपाई पर फोकस करेगी। वहीं अभी बाजार में चल रहे 100 रुपए के नोट भी इसी तरह से चलते रहेंगे। सरकार पुराने 100 रुपए के नोटों को बंद नहीं करेगी।

ये होगी इस नोट की खासियत
सरकार की तरफ से 100 रुपए के जो नए नोट छापे जाएंगे, उनके आकार में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। ऐसा करने का मुख्य उद्देश्य यह है कि छपाई के बाद पहले दिन से ही 100 रुपए के नए नोट एटीएम में आ जाएं और एटीएम को नए नोट के हिसाब से कैलिबरेट करने की जरूरत ना रहे। आपको बता दें कि एटीएम में कुल चार कैसेट होते हैं, जिनमें से एक में सिर्फ 100 रुपए के नोट रखे जाते हैं।

200 के नोट आने में लगेंगे 6 महीने
नोटबंदी के बाद से अब तक सरकार 500, 2000, 200 और 50 रुपए के नए नोट जारी कर चुकी है। 100 के नए नोटों की छपाई 200 के नोटों की छपाई के बाद ही शुरू होगी। सूत्रों ने बताया है कि 200 रुपए के नोटों को तेजी से बाजार में सर्कुलेट होने में अभी करीब 6 महीने का समय लग सकता है। 200 रुपए के कितने नोट छापे जाएंगे, इसका फैसला बैंकों की तरफ से आ रही मांग के हिसाब से किया जाएगा।

सिर्फ 20 फीसदी हैं 100 के नोट
बाजार में 100 रुपए के नोट सिर्फ 20 फीसदी हैं। वहीं दूसरी ओर 500 रुपए के नोटों की कुल नोटों के सर्कुलेशन में 43.6 फीसदी की हिस्सेदारी है। यह आंकड़े भारतीय स्टेट बैंक की एक रिपोर्ट से सामने आए हैं। 100 और 500 रुपए के नोटों के बीच कोई नोट नहीं था, इसलिए सरकार ने 200 रुपए का नोट जारी कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications