Microsoft Exit offer to 60000 Employees: दोराहे पर कर्मचारी, छंटनी नहीं तो फिर क्या है खेल? भारत पर क्या असर?

सॉफ्टवेयर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपने 60 हज़ार कर्मचारियों को एग्ज़िट ऑफर देकर तकनीकी बाज़ार में सनसनी फैला दी है। माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनी जब भी कोई नीतिगत फैसला लेती है, तो उसकी गूंज न केवल पूरी दुनिया के रोजगार बाजार बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी सुनाई देती है। हाल ही में आई इस खबर ने लाखों आईटी पेशेवरों के कान खड़े कर दिए हैं कि माइक्रोसॉफ्ट ने अपने 60,000 कर्मचारियों के लिए कंपनी छोड़ने की पेशकश की है। पहली नजर में कई लोग इसे बड़े पैमाने पर हुई छंटनी मान रहे हैं, लेकिन हकीकत इससे कहीं अधिक जटिल और रणनीतिक है।

कंपनी ने कर्मचारियों को सीधे नौकरी से निकाला नहीं है, बल्कि उनके सामने 'वॉलंटरी एग्जिट ऑफर' (Voluntary Exit Offer - VEO) रखा है। यह एक ऐसा स्वैच्छिक पैकेज है जिसके तहत एलिजिबल कर्मचारी वित्तीय मदद और करियर ट्रांजिशन सहायता लेकर अपनी मर्जी से कंपनी को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि, कंपनी की आंतरिक घोषणा में छिपी चेतावनियां यह संकेत देती है कि टेक सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जो नया दौर शुरू हुआ है, वह वर्कफोर्स के पुराने ढांचे को पूरी तरह बदलने जा रहा है।

क्या है 60 हजार की संख्या का असली सच?

माइक्रोसॉफ्ट के इस कदम को समझने के लिए सबसे पहले 60,000 के आंकड़े का सच समझना जरूरी है। दरअसल कंपनी ने 60,000 कंपनियों को अलविदा नहीं कहा बल्कि यह उन पात्र (Eligible) कर्मचारियों की कुल संख्या है जिन्हें कंपनी ने यह विकल्प चुनने की अनुमति दी है। जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के पास दुनिया भर में लगभग 2,23,000 पूर्णकालिक कर्मचारी हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो कंपनी ने अपनी कुल वैश्विक वर्कफोर्स के करीब 27 प्रतिशत हिस्से के लिए बाहर जाने का रास्ता खोला है।

यह योजना मुख्य रूप से चार देशों अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और भारत में लागू की गई है। कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह इनमें से कितने लोगों के जाने की उम्मीद कर रही है, लेकिन कर्मचारियों को फैसला लेने के लिए 1 दिसंबर 2026 तक की समय सीमा दी गई है।

कौन हैं पात्र और क्या है 'लेवल 70' का गणित?

माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपुल ऑफिसर कैथलीन कोलमैन द्वारा भेजे गए आंतरिक ज्ञापन के अनुसार, यह ऑफर कंपनी की हायरआर्की में 'लेवल 70 और उससे नीचे' (Level 70 and below) के कर्मचारियों पर लागू है।

माइक्रोसॉफ्ट के कॉर्पोरेट ढांचे में लेवल 70 कोई छोटा-मोटा पद नहीं है। इसमें सीनियर डायरेक्टर, पार्टनर और कुछ जनरल मैनेजर व वाइस प्रेसिडेंट स्तर के वरिष्ठ अधिकारी तक शामिल होते हैं। केवल कॉरपोरेट वाइस प्रेसिडेंट (CVP) और उससे ऊपर के शीर्ष नेतृत्व को इससे बाहर रखा गया है।

दिलचस्प बात यह है कि यह ऑफर पूरी कंपनी में एक समान लागू नहीं है। कंपनी के क्लाउड डेटा सेंटर, प्रमुख सेल्स और जरूरी कोर इंजीनियरिंग टीमों को इस प्रोग्राम से दूर रखा गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि कंपनी उन विभागों में कर्मचारियों की संख्या घटाना चाहती है जहां काम का तरीका एआई टूल्स के आने से बदल चुका है या जहां परफॉर्मेंस की गति धीमी है।

भारत के 23,000 आईटी प्रोफेशनल्स पर क्या होगा असर?

भारत माइक्रोसॉफ्ट के लिए अमेरिका के बाहर सबसे बड़े इंजीनियरिंग और सपोर्ट हब्स में से एक है, जहां करीब 23,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और नोएडा में फैले इन केंद्रों में काम करने वाले कई कर्मचारी इस पात्रता दायरे में आते हैं।

भारतीय कर्मचारियों के लिए यह प्रस्ताव दोधारी तलवार की तरह है। कंपनी सूत्रों के अनुसार, सेवरेंस पैकेज में जिस व्यक्ति ने जितने साल की माइक्रोसॉफ्ट में सेवा दी है उसे उतने महीने का केवल मूल वेतन, स्वास्थ्य बीमा कवरेज और नौकरी ढूंढने के लिए करियर सहायता दी जा रही है। जो अनुभवी पेशेवर पहले से करियर बदलने या स्टार्टअप शुरू करने की सोच रहे थे, उनके लिए यह एक सेफ एग्ज़िट और ट्रांस्जिसन ऑप्शन है।

लेकिन हर कार्यकारी पर यह पैमाना लागू नहीं होता है। भारतीय आईटी सेक्टर इस समय बेहद संभलकर नई नियुक्तियां कर रहा है। ऐसे में अगर कोई कर्मचारी स्वेच्छा से बाहर निकलता है, तो मौजूदा जॉब मार्केट में तुरंत उसी स्तर का पैकेज पाना आसान नहीं होगा।

'ऑफर ठुकराया तो छंटनी?' - क्या है माइक्रोसॉफ्ट के ऑफर का राज़?

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे गंभीर पहलू वह बयान है जो कंपनी ने अपने मेमो में दर्ज किया है। माइक्रोसॉफ्ट ने साफ कहा है कि यह वॉलंटरी एग्जिट ऑफर भविष्य में होने वाली संभावित अनिवार्य छंटनी (Compulsory Layoffs) का विकल्प नहीं है। कंपनी के शब्दों में, "यह नया ऑफर छंटनी का विकल्प नहीं है। कारोबारी परिस्थितियों के आधार पर छंटनी कंपनी की रणनीति का हिस्सा बनी रहेगी।"

आसान शब्दों में कहें तो कंपनी कर्मचारियों को सम्मानजनक और आर्थिक रूप से सुरक्षित निकास का मौका दे रही है। लेकिन यदि संबंधित विभागों में पर्याप्त संख्या में लोगों ने खुद पद नहीं छोड़ा, तो आने वाले महीनों में कंपनी कड़े कदम उठाते हुए सीधी छंटनी का रास्ता भी चुन सकती है।

आखिर क्यों अपनी वर्कफोर्स को री-शेप कर रही है कंपनी?

इस वक्त माइक्रोसॉफ्ट एआई की रेस में सबसे आगे रहने के लिए भारी-भरकम पूंजीगत निवेश (Capital Expenditure) कर रही है। ओपनएआई के साथ साझेदारी, नेक्स्ट ज़ेन जीपीयू (GPU) क्लस्टर्स की खरीद और दुनिया भर में अत्याधुनिक डेटा सेंटर्स के निर्माण पर कंपनी ने पानी की तरह पैसा बहाया है।

कहा जा रहा है कि इस वक्त कंपनी पर इंवेस्टर्स और वॉल स्ट्रीट का दबाव है कि कंपनी एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे भारी खर्च की भरपाई अपने ऑपरेटिंग खर्च को कम करके करे। यही वजह है कि जुलाई में चार हज़ार से अधिक पदों को खत्म करने के बाद अब कंपनी लोगों को स्वैच्छिक विदाई का रास्ता दिखा रही है ताकि मोटी पैकेज वाले मीड्ल लेयर को रेशनालाइज किया जा सके और इसके बदले पूंजी को सीधे एआई कंप्यूटिंग में लगाया जा सके।

इस साल के अंत तक यानी कि 1 दिसंबर 2026 तक चलने वाली यह प्रक्रिया अंततः यह तय करेगी कि ग्लोबल टेक दिग्गज किस तरह बिना सार्वजनिक विवादों में फंसे अपनी प्राथमिकताओं को पारंपरिक सॉफ्टवेयर से हटाकर पूरी तरह एआई-संचालित भविष्य की ओर मोड़ने में कामयाब होता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+