रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड से हटीं नीता अंबानी, ईशा-आकाश और अनंत को नई जिम्मेदारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 46वीं एजीएम (सालाना आम बैठक) सोमवार से शुरू हो गई। इससे पहले ही अंदाजा लगाया गया था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में बड़ा बदलाव हो सकता है, जो अब सच साबित हुआ। कंपनी ने मुकेश अंबानी के बच्चों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। साथ ही उनकी पत्नी नीता अंबानी की भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज बोर्ड ने निदेशक मंडल (Board of Directors) में ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी की नियुक्ति की सिफारिश की गई। तीनों को कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक (Non-Executive Directors) के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर मुकेश अंबानी की पत्नी नीता की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है। उन्होंने बोर्ड से इस्तीफा दे दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। हालांकि वो रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन बनी रहेंगी। साथ ही कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगी।
इन सब के अलावा बोर्ड ने नीता अंबानी के काम की सराहना की। उनकी ओर से एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा गया कि पिछले कुछ वर्षों में रिलायंस फाउंडेशन ने भारत में कम संसाधन वाले समुदाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई है। नीता अंबानी ने भी कई नए कार्यक्रम चलाए और नई पहल की। उनके लिए बोर्ड उनको धन्यवाद कहता है।
वहीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन के रूप में नीता अंबानी आरआईएल बोर्ड की सभी बैठकों में बतौर स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में भाग लेंगी, ताकि कंपनी को उनकी सलाह से लाभ मिलता रहे। वहीं उनके तीनों बच्चों का नाम मानव संसाधन, नॉमिनेशन समिति की सिफारिश पर आगे बढ़ाया गया है। उनकी नियुक्ति उस दिन से प्रभावी मानी जाएगी, जिस दिन से शेयरधारकों की मंजूरी मिल जाएगी।
तीनों बच्चों पर क्या कहा?
मुकेश अंबानी के तीनों बच्चों पर बोर्ड ने कहा कि ईशा अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी पिछले कुछ वर्षों में रिटेल, डिजिटल, एनर्जी और अन्य बिजनेस को करीबी से देख रहे हैं। वे आरआईएल की प्रमुख सहायक कंपनियों के बोर्ड में भी काम करते हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति से भी बोर्ड को लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications